बालोतरा। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिलेभर में आयोजित किए जा रहे शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविर आमजन के लिए राहत और सुविधा का माध्यम बन रहे हैं। इन शिविरों में विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है।
अतिरिक्त जिला कलक्टर भुवनेश्वर सिंह चौहान ने बताया कि ग्रामीण सेवा शिविरों के तहत गुरुवार को गोपड़ी, जानियाना, ग्वालनाडा, नेवरी, खारीनाडी, लखानियों की ढाणी, मानपुरा खारडा, सवाऊ मूलराज, चाड़ो की ढाणी, सेवरो की ढाणी, मोतीसरा, गोलिया, भलरों का बाड़ा, डाबड, नगर एवं राणासर कला ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करेंगे तथा पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ेंगे।
उन्होंने बताया कि जिले के सभी नगर निकाय क्षेत्रों में भी शहरी सेवा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। गुरुवार को नगर पालिका गुड़ामालानी के वार्ड 3 एवं 4, धोरीमन्ना के वार्ड 4, सिणधरी के वार्ड 4, सिवाना के वार्ड 5, समदड़ी के वार्ड 5, जसोल के वार्ड 4 तथा नगर परिषद बालोतरा के वार्ड 9, 10 एवं 11 में शिविर लगाए जाएंगे। शिविरों का आयोजन प्रातः 10 बजे से सायं 6 बजे तक किया जाएगा। यहां आमजन को विभिन्न योजनाओं की जानकारी, आवेदन प्रक्रिया, दस्तावेज़ संबंधी सहायता, शिकायतों के निस्तारण तथा अन्य आवश्यक सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराई जाएंगी।
अतिरिक्त जिला कलक्टर ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में भाग लेकर राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाने तथा अपनी समस्याओं का मौके पर ही समाधान प्राप्त करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ये शिविर प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित कर सुशासन की अवधारणा को मजबूत कर रहे हैं तथा लोगों के चेहरों पर मुस्कान लाने का कार्य कर रहे हैं।
आमजन के चेहरों पर मुस्कान ला रहे शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविर
ram


