नई दिल्ली। यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) ने अपना घोषणापत्र जारी कर सियासी बढ़त ले ली है, लेकिन उसके इस कदम ने सहयोगी कांग्रेस को धर्मसंकट में डाल दिया है। हालत यह है कि कांग्रेस ने अभी तक अपनी मैनिफेस्टो कमेटी तक नहीं बनाई है। एक तरफ सपा के साथ सीट बंटवारे पर अगले दौर की बातचीत सिर पर है, तो दूसरी तरफ पार्टी इस उधेड़बुन में है कि वो अपना घोषणापत्र कब लाए और उसमें क्या रखे। अब कांग्रेस के भीतर एक बीच का रास्ता निकालने पर मंथन चल रहा है। पार्टी दो तरह के घोषणापत्र लाने पर विचार कर रही है- एक अपना अलग मैनिफेस्टो, और दूसरा सपा के साथ मिलकर एक साझा घोषणापत्र, जिसमें दोनों दलों की सहमति वाले वादे शामिल होंगे।
‘बिहार में भी ऐसा किया था, पहले सम्मानजनक सीटें तय हों’
सपा के अकेले ही वादों का पिटारा खोल देने को कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ज्यादा तूल नहीं देना चाहते। उनका कहना है कि इसमें कुछ भी असामान्य नहीं है। इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में उन्होंने कहा, “हमने बिहार में भी ऐसा किया था। एक साझा घोषणापत्र तो जरूर आएगा, और हम अपना अलग मैनिफेस्टो भी ला सकते हैं। लेकिन यह बात तय है कि वैचारिक रूप से, गठबंधन के साथी होने के नाते हम एक-दूसरे के साथ खड़े हैं।” हालांकि, पार्टी के ही एक दूसरे नेता की राय थोड़ी अलग है। उनका मानना है कि साझा एजेंडे की बारीकियों में जाने से पहले पार्टी की पहली प्राथमिकता गठबंधन में सम्मानजनक सीटें हासिल करना है। उन्होंने साफ कहा, “पहले गठबंधन तो तय हो जाने दीजिए। दिसंबर की शुरुआत में अगले दौर की बैठक होने वाली है। कांग्रेस का पूरा फोकस सम्मानजनक संख्या में सीटें पाने पर है। जहां तक मैनिफेस्टो की बात है, पार्टी जल्द ही अपनी कमेटी का ऐलान करने जा रही है। पहले की तरह यूपी की जनता के लिए हमारे अपने वादे होंगे। एक बार गठबंधन पर मुहर लग जाए, तो जरूरत पड़ने पर हम आपसी सहमति से साझा वादे भी सामने रख देंगे।”
पीडीए की पिच पर अखिलेश की लीड और कांग्रेस की जमीन की तलाश
संविधान दिवस के मौके पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने जिस तरह ‘सामाजिक न्याय’ और पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग पर खास फोकस करते हुए अपने वादे रखे हैं, उसने कांग्रेस के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है। सवाल यह है कि गठबंधन के भीतर रहते हुए कांग्रेस अपनी अलग राजनीतिक और वैचारिक जमीन कैसे बचाएगी? 2027 के चुनाव में भाजपा को घेरने के लिए दोनों दल एकजुट दिखने की कोशिश तो कर रहे हैं, लेकिन सीटों के बंटवारे और सियासी स्पेस को लेकर कांग्रेस के भीतर बेचैनी साफ नजर आ रही है।
खरगे की नसीहत के बाद प्रदेश इकाई में नई बहस
इस बीच, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के लखनऊ दौरे के ठीक एक दिन बाद यूपी कांग्रेस में एक नई चर्चा छिड़ गई है। खरगे ने प्रदेश मुख्यालय में नेताओं को आपसी खींचतान बंद करने की सख्त हिदायत दी थी और भाजपा को हराने के लिए मिलकर काम करने को कहा था। अब राज्य इकाई के नेता इस बात पर माथापच्ची कर रहे हैं कि सहयोगी दल (सपा) के लिए आखिर किस हद तक झुकना सही होगा। खासतौर पर सहारनपुर सांसद इमरान मसूद के हालिया बयानों के बाद पार्टी दो धड़ों में बंटी दिख रही है। केंद्रीय नेतृत्व बार-बार इंडिया गठबंधन को मजबूत करने की बात कह रहा है, लेकिन प्रदेश इकाई के एक बड़े हिस्से का मानना है कि कांग्रेस को मजबूती से मोलभाव करना चाहिए। उनका तर्क है कि गठबंधन के चक्कर में राज्य में पार्टी के अपने संगठन के विस्तार से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।



