जयपुर। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के नेतृत्व में प्रदेश में अवैध मदिरा निर्माण, भण्डारण, परिवहन एवं विक्रय पर रोकथाम के लिए जारी विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत आबकारी निरोधक टीम जोधपुर ने भारतमाला हाईवे पर नाकाबंदी कर एक ट्रक से फोर सेल इन चंडीगढ़ अवैध अंग्रेजी मदिरा की खेप जब्त की। कार्रवाई में जब्त मदिरा की अनुमानित कीमत 70 लाख रुपए है। इसी प्रकार अन्य जिलों में भी वाॅश, मदिरा भट्टियां नष्ट करते हुए अवैध मदिरा पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
जोधपुर में ट्रक से अंग्रेजी मदिरा की खेप जब्त
प्रदेश में आबकारी आयुक्त के निर्देशानुसार आबकारी टीम जोधपुर द्वारा मुखबिर की विश्वसनीय सूचना पर भारतमाला हाईवे पर नाकाबंदी कर एक ट्रक को रोककर जांच की तो उसमें अन्य राज्य की अवैध अंग्रेजी मदिरा की बड़ी खेप बरामद हुई। ट्रक में फोर सेल इन चंडीगढ़ अंग्रेजी मदिरा की ऑल सीजन व्हीस्की, राॅयल चेलेन्ज व्हीस्की एवं चार्ली व्हीस्की ब्रांड के 750 कार्टन में अनुमानित 70 लाख रूपए की मदिरा जब्त की गई। मौके पर ट्रक चालक को गिरफ्तार कर आबकारी एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है। अतिरिक्त आबकारी आयुक्त जोन जोधपुर सीमा कविया के मार्गदर्शन में उपायुक्त ईपीएफ अरविंद प्रताप सिंह, आबकारी अधिकारी प्रवीण कुमार, आबकारी निरीक्षक किशोर सुथार के नेतृत्व में की गई उक्त कार्रवाई में जिला आबकारी अधिकारी पाली मनोज बिस्सा एवं सिपाही मनोज ढाका द्वारा विश्वसनीय सूचना सहित योगदान दिया।
प्रदेश में अवैध मदिरा पर कार्रवाई
प्रदेश में आबकारी निरोधक दलों की कार्रवाई के तहत चित्तौडगढ़ व बेगूं में एक हजार लीटर वाॅष नष्ट कर 78 बोतल हथकड़ एवं 23 पव्वे देशी मदिरा के सीज किए। कोटा में 87 बोतल बीयर, पिंट बीयर 31 एवं विभिन्न ब्रांड की 31 बोतल व्हीस्की जब्त कर मौके से 2 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। केकड़ी में 300 लीटर वाॅश सहित 2 भट्टियां नष्ट करते हुए 60 लीटर हथकड़ मदिरा जब्त की गई। सिरोही में 20 लीटर हथकड़ मदिरा, रेवदर में 20 पव्वे देशी मदिरा जब्त की गई। आबूरोड़ में 500 लीटर वाॅश एवं भट्टी को नष्ट किया। आबूरोड़ में 96 पव्वे देशी मदिरा, 24 बोतल बीयर एवं 40 पव्वे अंग्रेजी मदिरा के जब्त किए। बारां जिले के शाहबाद उपखंड में 2100 लीटर वाॅश नष्ट कर 40 लीटर हथकड़ मदिरा बरामद कर अभियोग दर्ज किए। टोंक के मालपुरा सर्कल में 500 लीटर वाॅश, देवली में 400 लीटर वाॅष नष्ट कर ढाबों एवं होटल्स पर सघन जांच की गई। भरतपुर, डीग व कुम्हेर की संयुक्त कार्रवाई में 1500 लीटर वाॅश सहित 6 भट्टियां नष्ट की, साथ ही अंग्रेजी मदिरा के 42 पव्वे व देशी मदिरा के 22 पव्वे जब्त करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार किया। हनुमानगढ़ में 6 हजार लीटर वाॅश सहित 10 कच्ची भट्टियां नष्ट की गई।
एक करोड़ 57 लाख रूपए से अधिक की अंग्रेजी मदिरा जब्त
आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देषन में विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत 14 से 29 सितंबर 2026 तक विभिन्न कार्रवाई के तहत 1135 अभियोग दर्ज किए गए है। प्रदेश में देषी मदिरा 8 लाख 72 हजार 393 रूपए लागत की 3183 लीटर, भारत निर्मित विदेषी मदिरा एक करोड़ 57 लाख 78 हजार 440 रूपए की 15845 लीटर, बीयर 3 लाख 32 हजार 762 रूपए की 1532 लीटर, हथकड़ शराब 8459 लीटर एवं स्प्रिट एक लाख 20 हजार 350 लीटर जब्त किया गया है। इसी क्रम में वाॅश 3 लाख 87 हजार 616 लीटर नष्ट किया गया। प्रदेष में अभियान के तहत बड़े वाहन 5, चार पहिया वाहन 13, दुपहिया वाहन 23 सहित 41 वाहन जब्त किए है साथ ही अवैध मदिरा से संबंधित 503 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है।



