जनजाति प्रतिभाएं समाज की धरोहर, इनसे प्रेरणा लेने की आवश्यकता – जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री

ram

जयपुर। जनजाति कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग द्वारा मनाये जा रहे ‘जनजाति गरिमा उत्सव’ के कार्यक्रमों की श्रृंखला में ‘जनजाति गौरव सम्मान’ समारोह शुक्रवार को उदयपुर जिले के माणिक्य लाल वर्मा आदिम जाति शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान (टीआरआई) में जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुई। समारोह को संबोधित करते हुए केबिनेट मंत्री खराड़ी ने जनजाति प्रतिभाओं को समाज की धरोहर बताते हुए इनके कार्यों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। खराड़ी ने सम्मानित होने वाले प्रतापगढ़ के संतोष कुमार मीणा के पॉली हाउस में संरक्षित खेती, फूल व मशरूम उत्पादन को सराहनीय कार्य बताते हुए जनजाति युवाओं को नौकरी के पीछे भागने की बजाय उन्नत खेती अपनाकर अपनी आय बढ़ाने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने जनजाति संस्कारों को सबके लिए अनुकरणीय बताते हुए अपनी जड़ों से जुड़े रहने की आवश्यकता जताई। खराड़ी ने लेक्रोस खेल में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक विजेता महिला टीम कप्तान सुनीता मीणा व पुरुष टीम सदस्य मोहनलाल गमेती, कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र में नवाचार हेतु सिरोही के गैनाराम, प्रतापगढ़ से संतोष कुमार मीणा व शांतिबाई, उद्यमिता क्षेत्र में प्रतापगढ़ की ममता मीणा, आजीविका क्षेत्र में सिरोही के सोमाराम, उदयपुर के सुरेन्द्र मीणा, जनजाति समाज को कुरीतियों व परम्परागत रूढ़ियों से मुक्त कराने की दिशा में सराहनीय प्रयास हेतु उदयपुर के डॉ. देवीलाल, बांसवाड़ा से रूपजी बारिया, सिरोही से थावराराम गरासिया व डूंगरपुर से मणिलाल देवतरा, रक्तदान हेतु युवाओं को प्रेरित करने हेतु उदयपुर के भुरीलाल खराड़ी तथा शिक्षा के क्षेत्र में राजस्थान तहसीलदार सेवा में चयनित भेराराम व कक्षा 12 कला वर्ग में 95 प्रतिशत अंक प्राप्तकर्ता गणेश कटारा तथा विज्ञान वर्ग में 95.40 प्रतिशत अंक प्राप्तकर्ता जितेन्द्र निनामा को उपरना ओढ़ाकर एवं प्रशस्ति पत्र भेंटकर सम्मानित किया गया। जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग के छात्रावास निर्माण हेतु भूमि भेंटकर्ता भामाशाह ओम प्रकाश भील को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए टीएडी आयुक्त लक्ष्मी नारायण मंत्री ने जनजाति प्रतिभाओं को मुख्य धारा में लाकर राष्ट्र के विकास में योगदान देने का आह्वान किया। टी.आर.आई. निदेशक ओ.पी. जैन ने ‘जनजाति गरिमा उत्सव’ माह के दौरान अब तक हुई प्रगति पर प्रकाश डालते हुए ‘जनजाति गौरव सम्मान’ को जनजाति प्रतिभाओं की उपलब्धियों को समाज के सामने लाने का एक मंच बताया।
टी.ए.डी. आयुक्त का अभिनंदन
जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग के आयुक्त लक्ष्मी नारायण मंत्री की सेवानिवृत्ति पर केबिनेट मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने साफा पहनाकर एवं माल्यार्पण कर सम्मान किया। खराड़ी ने सेवानिवृत्त हो रहे आयुक्त की कार्यशैली को सकारात्मक व जनहितैषी बताया। टी.आर.आई. निदेशक ओ.पी. जैन ने मंत्री के प्रशासनिक कौशल व सकारात्मक कार्यशैली को अनुकरणीय बताते हुए उन्हें कार्य व आमजन के लिए समर्पित लोक सेवक बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *