जयपुर। पश्चिमी राजस्थान के औद्योगिक विकास के इतिहास में शनिवार का दिन स्वर्णिम अध्याय के रूप में दर्ज हो गया, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बालोतरा जिले के पचपदरा से देश की महत्वाकांक्षी एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी का लोकार्पण किया। जैसलमेर जिला मुख्यालय स्थित उत्कर्ष जैन भवन में हजारों लोग इस इस ऐतिहासिक कार्यक्रम से सीधे जुड़े। यहां आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्बोधन एवं रिफाइनरी लोकार्पण समारोह का सीधा प्रसारण बड़े उत्साह के साथ देखा। राजस्थान राज्य अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास आयोग के अध्यक्ष राजेन्द्र नायक ने इस कार्यक्रम में कहा कि एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी परियोजना केवल एक औद्योगिक इकाई नहीं बल्कि पश्चिमी राजस्थान की समृद्धि का आधार बनेगी। इससे प्रदेश में ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होगी, निवेश को बढ़ावा मिलेगा, उद्योगों का विस्तार होगा तथा हजारों प्रत्यक्ष और लाखों अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। यह परियोजना आने वाले वर्षों में जैसलमेर, बाड़मेर और बालोतरा सहित पूरे क्षेत्र की आर्थिक तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने रोजगार उत्सव को युवाओं के सपनों को साकार करने वाला अभियान बताते हुए कहा कि सरकारी सेवा में चयनित युवा पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने प्रधानमंत्री द्वारा रिफाइनरी के लोकार्पण को पश्चिमी राजस्थान के लिए ऐतिहासिक सौगात बताया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र में औद्योगिक निवेश बढ़ेगा, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खुलेंगे, व्यापार एवं परिवहन गतिविधियों को गति मिलेगी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी।
18 चयनित अभ्यर्थियों को सांकेतिक रूप से सौंपे नियुक्ति पत्र
जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान आयोजित मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव के तहत जिले के विभिन्न विभागों में चयनित कुल 476 युवाओं को सरकारी सेवा में नियुक्ति की सौगात दी गई। इनमें से सहायक आचार्य भूगोल जेठाराम, संरक्षण अधिकारी भादराराम, अध्यापक लेवल-द्वितीय इमरान खां, निरीक्षक ग्रेड द्वितीय रक्षा कुमारी, परिवीक्षा अधिकारी समीर, कांस्टेबल (सामान्य) जितेन्द्र जांगिड़ व रेंवताराम, प्राध्यापक वाणिज्य हरिश प्रतापत , प्राध्यापक गणित अजयपाल सिंह, प्राध्यापक भौतिक विज्ञान संदीप कुमार व जितेंन्द्र मीणा, प्राध्यापक इतिहास अनिल कुमार व हिमांशुराज सौंलकी, कनिष्ठ सहायक क्षमा चौबे, प्रहलाद सिंह व मांगूसिंह, चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी जसवन्त सिंह व मनोहर सिंह एवं सहायक प्रौग्रामर गुरबच्चन सिंह, कुल 18 अभ्यर्थियों को राजस्थान राज्य अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास आयोग के अध्यक्ष राजेन्द्र नायक एवं जिला कलक्टर अनुपमा जोरवाल ने नियुक्ति पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवाओं और उनके परिजनों के चेहरे खुशी से खिल उठे। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर परसराम सैनी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी रश्मि रानी, कोषाधिकारी देरावर सिंह, नगर परिषद आयुक्त लजपाल सिंह सोढ़ा, अधीक्षण अभियंता, विद्युत भैराराम चौधरी, सहायक निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क प्रवीण प्रकाश चौहान, अन्य जनप्रतिनिधिगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी व बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विजय बल्लाणी एवं आरती मिश्रा ने किया। अंत में अतिथियों ने नियुक्ति प्राप्त करने वाले युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की एवं सभी उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम के सीधे प्रसारण से हजारों लोग जुड़े जैसलमेर जिला मुख्यालय पर
ram


