श्रीगंगानगर। स्वायत्त शासन विभाग के सचिव रवि जैन एवं हाउसिंग बोर्ड आयुक्त अरविंद पोसवाल ने शनिवार को जिला मुख्यालय पर आरयूडीआईपी, एलएनटी के तहत संचालित विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं समयबद्ध क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। निरीक्षण से पूर्व आयोजित बैठक में सचिव रवि जैन ने कहा कि राज्य सरकार की प्राथमिकता आमजन को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जिसमें नियमित एवं सुचारू जलापूर्ति व्यवस्था सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलापूर्ति में किसी भी प्रकार की बाधा या लापरवाही नहीं होनी चाहिए। पीएचईडी के डीएमए 32 क्षेत्र में स्थित सिहाग हॉस्पिटल के पास, विनायक विहार और जवाहरनगर सेक्टर डी में जलापूर्ति व्यवस्था का अवलोकन करने के दौरान उन्होंने कहा कि आरयूडीआईपी के अंतर्गत किए जा रहे कार्य शहरी विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं, इसलिए इनकी गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए। साथ ही सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किए जाएं, ताकि आमजन को शीघ्र लाभ मिल सके। आयुक्त अरविंद पोसवाल ने भी अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए और फील्ड स्तर पर आने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। इस अवसर पर जिला कलेक्टर डॉ. अमित यादव, एडीएम प्रशासन सुभाष कुमार, एडीएम सतर्कता रीना, पीएचईडी एसई विजय कुमार, दीपक माण्डन, मोनिंदरजीत सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।

जलापूर्ति में किसी भी प्रकार की बाधा या लापरवाही नहीं होनी चाहिए : रवि जैन
ram


