वरुण धवन की ‘है जवानी तो इश्क होना है’ का ट्रेलर आउट, फिल्म में दिखेगा दिलचस्प प्रेम-त्रिकोण

ram

मुंबई। अभिनेता वरुण धवन स्टारर फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ का ट्रेलर शनिवार को रिलीज कर दिया है, जिसे दर्शकों की तरफ से काफी सराहना मिल रही है। यह मजेदार कॉमेडी ड्रामा फिल्म एक दिलचस्प प्रेम-त्रिकोण पर आधारित है। ट्रेलर में रोमांस, सस्पेंस और कॉमेडी का तड़का देखने को मिल रहा है। इसमें वरुण और मृणाल पति-पत्नी के किरदार में हैं। दोनों के बीच बेहद गहरा प्यार है। हालांकि दोनों के बीच में कुछ मुद्दे भी हैं। वरुण पिता बनना चाहते हैं, लेकिन मृणाल अभी बच्चे के लिए तैयार नहीं है। इसी बीच वरुण की जिंदगी में पूजा हेगड़े की एंट्री होती है और दोनों रिश्ते में आ जाते हैं। इसके बाद, कहानी में तब एक रोचक मोड़ देखने के लिए मिलता है, जब मृणाल और पूजा दोनों एक साथ वरुण को अपनी प्रेग्नेंसी की खुशखबरी देती हैं। इसके बाद शुरू होता है झूठ, कन्फ्यूजन और हंसी का एक ऐसा सफर जो आज से पहले कभी नहीं देखा गया।
वरुण, मृणाल और पूजा की इस लव-ट्रायंगल कॉमेडी में जिमी शेरगिल, मनीष पॉल और राकेश बेदी जैसे मंझे हुए कलाकार भी अपनी कॉमेडी और शानदार डायलॉग्स से तड़का लगाते दिखेंगे। खासकर राकेश बेदी भी अपनी मौजूदगी से स्क्रीन पर जलवा दिखा रहे हैं। इसके अलावा, ट्रेलर के बैकग्राउंड में बज रहा सलमान खान का आइकॉनिक गाना ‘चुनरी चुनरी’ इस पूरे वीडियो में चार चांद लगा रहा है।
फिल्म की स्टोरी, गाने और कलाकारों के केमिस्ट्री को देखते हुए दर्शक काफी उत्साहित हैं। कॉमेडी और रोमांस का यह अनोखा मिश्रण पर्दे पर धमाल मचाने वाला है। पहले ट्रेलर 21 मई को रिलीज किया जाना था, लेकिन कुछ वजह से ऐसा नहीं किया गया।
फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ के विषय की बात करें तो यह एक रोमांटिक और कॉमेडी से भरपूर फिल्म है। इसका निर्देशन मशहूर निर्देशक डेविड धवन कर रहे हैं। खास बात यह है कि एक बार फिर डेविड धवन और उनके बेटे वरुण धवन की जोड़ी साथ काम करती नजर आएगी। इस फिल्म में जिमी शेरगिल और मनीष पॉल भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। यह फिल्म 5 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *