विभाजन की त्रासदी को कभी भुलाया नहीं जा सकता, लाखों परिवारों ने अपनी जड़ें, घर और प्रियजनों को खोया: सहारण

ram

हर घर तिरंगा अभियान अंतर्गत चूरू सूचना केंद्र में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस प्रदर्शनी का आयोजन, विधायक हरलाल सहारण ने किया अवलोकन, राजीविका की ओर से लगाई गई तिरंगा स्टॉल, आमजन से 14 अगस्त तक अवलोकन की अपील
चूरू। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में गुरुवार को जिला मुख्यालय स्थित सूचना केंद्र में जिला प्रशासन द्वारा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। चूरू विधायक हरलाल सहारण, सीईओ श्वेता कोचर सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

प्रदर्शनी में 1947 के विभाजन की विभीषिका, लाखों विस्थापितों के संघर्ष, पलायन की पीड़ा एवं उस कालखंड की ऐतिहासिक स्मृतियों को चित्रों एवं दस्तावेजों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर प्रतिवर्ष 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाता है ताकि विभाजन में अपने प्राण गंवाने वाले एवं विस्थापन का दर्द झेलने वाले लाखों भारत वासियों को स्मरण किया जा सके।

विधायक हरलाल सहारण ने प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए कहा कि विभाजन की त्रासदी को कभी भुलाया नहीं जा सकता। लाखों परिवारों ने अपनी जड़ें, अपने घर और अपने प्रियजनों को खोया — यह पीड़ा पीढ़ियों तक महसूस की जाती रही है। उन्होंने हर-घर तिरंगा हस्ताक्षर अभियान अंतर्गत हस्ताक्षर किये एवं कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर इस दिवस को राष्ट्रीय स्तर पर मनाया जाना एक अत्यंत सार्थक कदम है जो हमें हमारे इतिहास की उस विभीषिका की याद दिलाता है और राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के प्रति हमारे संकल्प को और दृढ़ करता है।

सीईओ श्वेता कोचर ने बताया कि प्रदर्शनी स्थल पर राजीविका की ओर से तिरंगा स्टॉल भी लगाई गई है जहाँ राजीविका महिला अंजू देवी द्वारा तिरंगा एवं अन्य सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने आमजन से राजीविका स्टॉल का सामान खरीदकर ग्रामीण महिलाओं के स्वरोजगार को प्रोत्साहन देने की अपील की।

एसीईओ भागचंद खारिया ने हर घर तिरंगा अभियान के महत्व के बारे में बताते हुए इस अभियान के तहत नागरिकों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने एवं राष्ट्रीय पर्व को उत्साह के साथ मनाने का संदेश दिया।

जनसंपर्क अधिकारी सूर्यकान्त कुमावत ने अतिथियों को प्रदर्शनी का अवलोकन करवाते हुए बताया कि यह दो दिवसीय प्रदर्शनी 14 अगस्त तक आमजन के अवलोकन हेतु खुली रहेगी।

इस दौरान सुरेश सारस्वत, दौलत तंवर, नरेंद्र काछवाल, भास्कर शर्मा, दिनेश लाटा, देवराज लाटा, किशन उपाध्याय, विजय सारस्वत, राहुल शर्मा, शैलेन्द्र सोनी, देशदीपक किरोड़ीवाल, ललित चौहान, राजेंद्र सिंह शेखावत, मोहम्मद अली पठान, शैलजा राठौड़, हनुमान प्रसाद शर्मा, मनोज शर्मा, नरेश भाटी, नवरत्न प्रजापत, कुंजबिहारी बिरमीवाला, रामचंद्र गोयल, जसवंत मेड़तिया, मंगेज सिंह, चिरंजीव दईया, प्रदीप माली, दूलीचंद सोनी, संजय गोयल, लालचंद शर्मा, फरमान खान, सहित अन्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *