जयपुर। माँ नन्दा देवी की डोली के स्वागत एवं कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर गढ़वाल सभा भवन में कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की व्यवस्थाओं एवं तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकारिणी सदस्यों ने तैयारियों को अंतिम रूप दिया। गढ़वाल सभा जयपुर के अध्यक्ष श्री जी. पी. कुकरेती ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी माँ भगवती नन्दा देवी की डोली भारत भ्रमण पर निकली है। जोधपुर एवं पुष्कर के बाद माँ नन्दा देवी की डोली जयपुर पहुंचेगी। उत्तराखण्ड की अधिष्ठात्री देवी एवं आराध्य माँ नन्दा देवी की डोली भारत भ्रमण के दौरान गुरुवार, 10 सितंबर 2026 को जयपुर पहुंचेगी। इस पावन अवसर पर गढ़वाल सभा जयपुर द्वारा माँ नन्दा देवी की डोली का भव्य एवं श्रद्धापूर्वक स्वागत किया जाएगा। सभा के महासचिव दलबीर सिंह नेगी ने बताया कि माँ नन्दा देवी के जयपुर आगमन को लेकर प्रवासी उत्तराखण्डवासियों एवं श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। उत्तराखण्ड में इन दिनों माँ नन्दा देवी की भव्य नन्दा देवी बड़ीजात यात्रा, जिसे हिमालयी आस्था का एक महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन माना जाता है, चल रही है। इसी कारण जयपुर में भी माँ नन्दा देवी के स्वागत को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और आस्था का वातावरण है। उन्होंने बताया कि प्रातः 9 बजे वैशाली नगर, गांधी पथ स्थित किरण मैरिज गार्डन पर प्रवासी उत्तराखण्डवासी एवं श्रद्धालु एकत्रित होंगे। यहां से माँ नन्दा देवी की डोली एवं कलश यात्रा भव्य शोभायात्रा के रूप में ज्वेल्स गार्डन, लालरपुरा, गांधी पथ पहुंचेगी। ज्वेल्स गार्डन में माँ नन्दा देवी की विधिवत पूजा-अर्चना एवं विशेष पूजा का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालु माँ नन्दा देवी के दर्शन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। इसके पश्चात भजन-कीर्तन, महाआरती तथा पहाड़ी भोजन-प्रसादी (भण्डारे) का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमके संयोजक सुखदेव ढोंडीयाल ने समस्त प्रवासी उत्तराखण्डवासियों एवं श्रद्धालुओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर माँ नन्दा देवी की कलश यात्रा एवं शोभायात्रा में शामिल हों, माँ भगवती के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर उनका आशीर्वाद प्राप्त करें तथा इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाएं।
गढ़वाल सभा जयपुर की ओर से समस्त प्रवासी उत्तराखण्डवासियों एवं श्रद्धालुओं का हार्दिक आह्वान है कि माँ नन्दा देवी के जयपुर आगमन को श्रद्धा, भक्ति एवं एकजुटता के साथ ऐतिहासिक बनाएं।

माँ नन्दा देवी की डोली 10 सितंबर को जयपुर पहुंचेगी, गढ़वाल सभा जयपुर द्वारा होगा भव्य एवं श्रद्धापूर्वक स्वागत
ram


