कार्यकर्ताओं की संगठन शक्ति बनेगी विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का आधार : भागीरथ चौधरी

ram

किशनगढ़/अजमेर। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री तथा स्थानीय अजमेर सांसद भागीरथ चौधरी ने रविवार को अजमेर संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत किशनगढ़ एवं अजमेर शहर में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के तहत विभिन्न मण्डल प्रशिक्षण वर्गों में सहभागिता कर कार्यकर्ताओं से संवाद किया। केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने किशनगढ़ में आयोजित मण्डल प्रशिक्षण वर्ग में भाग लेते हुए कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचार आज भी हमें अंत्योदय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण की मजबूत आधारशिला है और ऐसे प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं को वैचारिक एवं संगठनात्मक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि संगठन की शक्ति ही विकसित भारत के संकल्प को साकार करने का आधार है। इसके पश्चात केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने अजमेर शहर जिला के बजरंग मण्डल (अजमेर उत्तर विधानसभा) में आयोजित दो दिवसीय मण्डल प्रशिक्षण वर्ग के समापन अवसर पर भी सहभागिता की। इस अवसर पर कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का एकात्म मानववाद हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। संगठन की मजबूती हमारे समर्पित कार्यकर्ताओं पर आधारित है, जो राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण वर्गों के माध्यम से संगठनात्मक कौशल, विचारधारा एवं जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं का उत्साह, ऊर्जा एवं समर्पण संगठन की सबसे बड़ी पूंजी है। इस दौरान किशनगढ़ में मण्डल अध्यक्ष अमित अग्रवाल, नगर परिषद के पूर्व सभापति दिनेश सिंह राठौड़, जिला उपाध्याय वेदप्रकाश दाधीच, भाजपा नेता महेन्द्र पाटनी, पूर्व उपमहापौर श्री संपत सांखला, जिला महामंत्री किशन बंग, कैलाश रोकड़िया, दीपेश गुप्ता सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अजमेर शहर में आयोजित कार्यक्रम में भी बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *