मुख्य सचिव ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई

ram

जयपुर। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर शनिवार को राष्ट्रीय एकता दिवस के तहत शासन सचिवालय में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने के साथ ही इसे अक्षुण्ण रखने के लिए स्वयं को समर्पित करने का संकल्प लिया। साथ ही, देशवासियों के बीच राष्ट्रीय एकता, आपसी सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करने तथा सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों एवं राष्ट्र की एकता के प्रति उनके योगदान से प्रेरणा लेने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम में सभी विभागों के विभागाध्यक्ष एवं रजिस्ट्रार मुकेश सिंघल, राजस्थान सचिवालय सेवा अधिकारी संघ के अध्यक्ष अभिमन्यु शर्मा, राजस्थान सचिवालय सेवा कर्मचारी संघ के अध्यक्ष विवेक चौधरी, राजस्थान सचिवालय सेवा कर्मचारी संघ के पूर्व अध्यक्ष कपिल देव सहित शासन सचिवालय के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि प्रतिवर्ष 31 अक्टूबर को भारत के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है। देश की स्वतंत्रता के बाद विभिन्न रियासतों का भारतीय संघ में एकीकरण कर उन्होंने राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को सुदृढ़ करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *