चित्तौड़गढ़। जिले के प्रभारी सचिव एवं प्रमुख शासन सचिव, पशुपालन विभाग विकास सीताराम भाले ने शुक्रवार को भूपालसागर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत कानड़खेड़ा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पात्र लाभार्थियों को आवासीय पट्टों का वितरण किया तथा विभिन्न योजनाओं के स्वीकृति पत्र एवं अन्य लाभ प्रदान किए। शिविर में ग्रामीणों से संवाद करते हुए प्रभारी सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। ग्रामीण सेवा शिविर इसी सोच का परिणाम हैं, जहां राजस्व, पंचायतीराज, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, कृषि, पशुपालन, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, शिक्षा, जलदाय, विद्युत सहित विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे ग्रामीणों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते तथा अधिकांश प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित हो रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, कृषि, पशुपालन, आवास, पेयजल एवं आधारभूत सुविधाओं सहित प्रत्येक क्षेत्र में जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। ग्रामीण सेवा शिविर प्रशासन और आमजन के बीच विश्वास का प्रभावी माध्यम बनकर उभरे हैं तथा इनके माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों को त्वरित राहत एवं योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से सरकार की विभिन्न योजनाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रभारी सचिव ने एक बच्चे को माला पहनाकर उसका जन्मदिन मनाया तथा “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पहुंचाया जाए तथा कोई भी पात्र नागरिक सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे। उन्होंने शिविर में प्राप्त प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ समाधान किया जाए। इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद विनय पाठक, उपखंड अधिकारी महेश गगोरिया, विकास अधिकारी मुकेश पोरवाल सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। जिला प्रभारी सचिव विकास सीताराम भाले ने भूपालसागर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत कानड़खेड़ा में उप स्वाथ्य केंद्र का भी निरीक्षण किया एवं चिकित्सा अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

प्रभारी सचिव ने भूपालसागर के ग्रामीण सेवा शिविर का किया अवलोकन
ram


