भीलवाड़ा। जिला प्रशासन एवं आयुष विभाग द्वारा 21 जून 2026 को 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस जिला स्तरीय समारोह चित्रकुट धाम, नगर निगम में प्रातः 6 बजे से 8 बजे तक मनाया जाना प्रस्तावित था। परंतु भारी बारिश की सम्भावना को देखते हुए जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देशानुसार चित्रकूट धाम नगर निगम के स्थान पर अब शांति भवन, हेडपोस्ट ऑफिस के पास में योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम जिला प्रभारी सचिव मंजू राजपाल की अध्यक्षता में आयोजित किया जायेगा।
जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार जिले के ब्लॉक स्तरीय एवं ग्राम पंचायत स्तरीय योग कार्यक्रम आयोजित करने के लिए जिले के समस्त नोडल अधिकारी की वीसी के माध्यम से पूर्व तैयारियों का जायजा लिया साथ ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये गये।
जिला नोडल प्रभारी डाॅ जी.एल शर्मा ने बताया कि जिला स्तर कार्यक्रम के अतिरिक्त शहर के अन्य 7 स्थानों (हरणी महादेव मंदिर, गायत्री शक्ति पीठ, सिन्दरी के बालाजी, ब्रम्हा कुमारी, स्मृति वन, नेहरू उद्यान(लव गार्डन), शिवाजी गार्डन) पर भी योग दिवस का कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा। जिसकी तैयारियां पूर्ण रूप से कर ली गई।
जिले के समस्त नोडल अधिकारियों, चिकित्साधिकारियो, कार्मिको, योग प्रशिक्षको को योग संगम पोर्टल पर अधिक से अधिक रजिस्ट्रेशन करने हेतु आह्वान किया गया है, साथ ही जिला स्तरीय कार्यक्रम हेतु शहरी क्षेत्र के समस्त चिकित्साधिकारी, कार्मिको की बैठक आयोजित की गई। साथ ही शहर में 12वें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस जिला स्तरीय कार्यक्रम हेतु प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। जिसमें अधिक से अधिक आमजन को आमंत्रित कर कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु आह्वान किया गया।


