बारां। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को जिला प्रशासन द्वारा भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। मुख्य समारोह कृषि उपज मंडी स्थित शेड नंबर एक में प्रातः 6 बजे से आयोजित होगा। कार्यक्रम में राजस्थान राज्य श्री यादे मां माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद राय टाक व प्रभारी सचिव हरिमोहन मीणा शिरकत करेंगे।
नोडल अधिकारी व अतिरिक्त जिला कलक्टर भंवरलाल जनागल ने बताया कि योग दिवस को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री का लाइव प्रसारण और सामूहिक योगाभ्यास समारोह का मुख्य आकर्षण रहेगा। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के योग दिवस के अवसर पर राष्ट्र के नाम संबोधन और योग कार्यक्रम का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सीधा (लाइव) प्रसारण किया जाएगा। इस प्रसारण के साथ ही उपस्थित सभी जनसमूह द्वारा सामूहिक योगाभ्यास किया जाएगा।साथ ही नियमित योगाभ्यास का संकल्प भी लिया जाएगा।
-विभिन्न वर्गों की भागीदारी
प्रशासन ने इस स्वास्थ्य उत्सव में जिले के विभिन्न वर्गों को आमंत्रित किया है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी, खेल प्रतिभाएं, स्काउट गाइड, शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहयोगिनी, पुलिस जवान, जिला स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी, सामाजिक व व्यापारिक, खेल संगठनों के प्रतिनिधि और आमजन उत्साह के साथ सम्मिलित होकर योग के माध्यम से स्वस्थ जीवन का संदेश देंगे।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं और निर्धारित समय पर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर इस वैश्विक आयोजन को सफल बनाएं।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर कृषि उपज मंडी में होगा आयोजन
ram


