जयपुर/भरतपुर। मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने राजकीय जनाना चिकित्सालय, भरतपुर का सोमवार को निरीक्षण कर चिकित्सा व्यवस्थाओं एवं मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। मुख्य सचिव ने एनआईसीयू, पीआईसीयू, गायनी वार्ड एवं पीओडब्ल्यू वार्ड का निरीक्षण कर भर्ती मरीजों और नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य, उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, उपकरणों तथा अस्पताल की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकीय सेवाओं, साफ-सफाई और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं चिकित्सकों को मरीजों और प्रसूताओं को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, अस्पताल में साफ-सफाई बनाए रखने तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को सुचारू रखने के निर्देश दिए। साथ ही सभी संबंधित विभागों को निर्धारित मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने को कहा। मुख्य सचिव ने अस्पताल की व्यवस्थाओं एवं मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं की सराहना की। निरीक्षण का उद्देश्य अस्पताल की व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ कर मरीजों, प्रसूताओं एवं नवजात शिशुओं को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि नवजात शिशुओं, प्रसुताओं को बेहत्तर इलाज के साथ ही सरकार की कल्याणकारी योजनओं को लाभ पारदर्शिता से मौके पर प्रदान किया जाये। आरबीएम व जनाना अस्पताल के अधीक्षक डॉ. नगेन्द्र भदौरिया ने अस्पताल में उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं एवं नवाचारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने नीकू-पीकू वार्ड में नवजात शिशुओं की देखभाल के प्रबन्ध, मदर मिल्क बैंक एवं निशुल्क जांच व निशुल्क दवा योजना के संबन्ध में किए जा रहे प्रबन्धों की जानकारी दी। इस अवसर पर जिला कलक्टर कमर चौधरी, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. विवेक भारद्वाज, अतिरिक्त जिला कलक्टर शहर राहुल सैनी, चिकित्सा अधीक्षक जनाना अस्पताल अतिरिक्त चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शेरसिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गौरव कपूर सहित अस्पताल के चिकित्सक उपस्थित रहे।

मुख्य सचिव ने जनाना चिकित्सालय का निरीक्षण कर चिकित्सा सुविधाओं का लिया जायजा
ram


