अधीक्षण अभियंता बढ़ाएं फील्ड विजिट—गर्मी में उपभोक्ताओं को मिले निर्बाध बिजली- चेयरमैन डिस्कॉम्स

ram

जयपुर। चेयरमैन डिस्कॉम्स सुश्री आरती डोगरा ने गर्मी के चुनौतीपूर्ण समय में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए जयपुर डिस्कॉम के सर्किल अधीक्षण अभियंताओं को बेहतर मॉनिटरिंग के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अभियंता फील्ड विजिट तथा निरीक्षण बढ़ाएं। इससे उन्हें अपने सर्किल के विद्युत तंत्र में आवश्यक सुधार करने तथा सुगम उपभोक्ता सेवाएं प्रदान करने में मदद मिलेगी। सुश्री डोगरा शनिवार को विद्युत भवन में जयपुर डिस्कॉम के सभी ओएंडएम सर्किल अधीक्षण अभियंताओं के साथ गर्मी में विद्युत आपूर्ति, कनेक्शन, आगामी मानसून की तैयारियों, राजस्व प्राप्ति आदि विषयों पर समीक्षा कर रही थीं। उन्होंने इस दौरान सर्किलवार डिफेक्टिव मीटर, विजिलेंस गतिविधियों, बिलिंग आदि की भी समीक्षा की। चेयरमैन डिस्कॉम्स ने कहा कि ग्रिड सब स्टेशनों, फीडर और अधीनस्थ डिवीजन एवं सब डिवीजन कार्यालयों के निरीक्षण पर जोर दिया जाए। इससे निचले स्तर तक लोड एवं विद्युत छीजत की मॉनिटरिंग में मदद मिलेगी और विद्युत उपभोक्ताओं की शिकायतों पर रेस्पोंस टाइम को बेहतर किया जा सकेगा।
डिस्कॉम का पूरा तंत्र अलर्ट मोड पर
सुश्री डोगरा ने कहा कि तापमान में अत्यधिक बढ़ोतरी के कारण विद्युत तंत्र पर भी लोड बढ़ा है। ऐसी स्थिति में ट्रिपिंग अथवा फॉल्ट की आशंका से निपटने तथा उपभोक्ताओं को व्यवधान रहित आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए डिस्कॉम का पूरा तंत्र अलर्ट मोड पर है। उन्होंने निर्देश दिए कि कॉल सेंटर, कंट्रोल रूम अथवा अन्य किसी माध्यम से प्राप्त होने वाली शिकायतों पर तकनीकी टीमें बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचें।
उपभोक्ता सेवाओं को किया ऑनलाइन
डिस्कॉम्स चेयरमैन ने कहा कि निगम ने नए कनेक्शन, रीकनेक्शन, नाम बदलने, लोड बढ़ाने, बिल जमा कराने जैसी लगभग सभी उपभोक्ता सेवाओं को ऑनलाइन कर दिया है। उन्होंने अभियंताओं को निर्देश दिए कि वे उपभोक्ताओं की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहें। कनेक्शनों के आवेदनों पर शीघ्र कार्यवाही हो। यह सुनिश्चित किया जाए कि आवेदकों को विद्युत कनेक्शन बिना देरी के मिलें और इसके लिए उन्हें दफ्तर आने की जरूरत नहीं पड़े। सुश्री डोगरा ने कहा कि शत-प्रतिशत बिलिंग के साथ ही शत-प्रतिशत राजस्व अर्जन पर पूरा फोकस किया जाए। जिन फीडरों में छीजत अधिक है वहां विजिलेंस चेकिंग गतिविधियों में तेजी लाएं। उन्होंने कहा कि अधीक्षण अभियंता बेहतर मॉनीटरिंग के माध्यम से अपने वृत्त क्षेत्र में विद्युत उपभोक्ताओं को व्यवधान रहित आपूर्ति प्रदान करना सुनिश्चित करें। चेयरमैन डिस्कॉम्स ने इस दौरान आगामी मानसून के मद्देनजर सब स्टेशनों, ट्रांसफॉर्मर्स सहित विद्युत तंत्र की मेंटिनेंस की पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में निदेशक तकनीकी श्री आरके शर्मा, सचिव (प्रशासन) श्री बलदेवराम धोजक, मुख्य अभियंता मैटेरियल मैनेजमेंट, सभी जोनल मुख्य अभियंता, क्वालिटी चैकिंग एवं सेफ्टी, पीपीएम, एमएंडपी एवं आईटी आदि विंग के अति. मुख्य अभियंता, मुख्य कार्मिक अधिकारी तथा निगम के सभी 18 ओएंडएम सर्किलों के अधीक्षण अभियंता भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *