स्पीकर देवनानी ने उत्तराखण्ड विधान सभा अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री से की मुलाकात— देवनानी की उत्तराखण्ड की पांच दिवसीय यात्रा

ram

जयपुर। विधान सभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी मंगलवार को देहरादून पहुँचे। देवनानी ने उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी भूषण से शिष्टाचार भेंट की। देवनानी का भूषण ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। देवनानी ने भूषण को राजस्थान विधानसभा नवाचारों की पुस्तक की प्रति भेंट की। देवनानी ने राजस्थान विधानसभा में किए जा रहे विभिन्न नवाचारों एवं कार्यक्रमों की जानकारी भूषण से साझा की। भूषण ने विधानसभा अध्यक्ष देवनानी की पहल की सराहना करते हुए विधानसभा के लोगो को राजस्थान के जन मानस की सोच का प्रतिनिधित्व बताया। उन्होंने स्पीकर देवनानी के विधानसभा भवन के विभिन्न द्वारों के नामकरण को ऐतिहासिक और मूल्यपरक निर्णय बताते हुए कहा कि द्वारों के नाम लोकतंत्र के मूल आदर्शों के प्रतीक हैं। इन द्वारों से प्रवेश करने वाला प्रत्येक व्यक्ति यह अनुभव करेगा कि वह केवल एक भवन में नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक संस्कारों के पवित्र केंद्र में प्रवेश कर रहा है। भूषण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विभिन्न भवनों के नामकरण करने की तर्ज पर देवनानी ने विधानसभा के द्वारों को कर्तव्य द्वार, शक्ति द्वार, सुशासन द्वार, संकल्प द्वार और शौर्य द्वार नाम देकर ऐतिहासिक कार्य किया है। भूषण ने विधान सभा भवन के बाहरी द्वारों को राजस्थान के अंचलो बृज, शेखावाटी, वागड, हाड़ौती, मारवाड़, मेवाड़, मेरवाड़ा और ढूंढाड़ के नाम समर्पित कर, राजस्थान की सांस्कृतिक विविधता, विरासत और लोकपरंपराओं को लोकतांत्रिक संस्थाओं से जोड़ने का अभिनव प्रयास बताया। उत्तराखण्ड के पंचायती राज एवं आपदा प्रबंधन मंत्री ने किया स्वागत- उत्तराखण्ड विधान सभा पहुँचने पर स्पीकर देवनानी का पंचायती राज एवं आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक ने पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कौशिक ने देवनानी को पारम्परिक शिरोवस्त्र और दुपट्टा पहनाकर अभिवादन किया। यह शिरोवस्त्र उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक विरासत, लोकजीवन और गौरवशाली परम्पराओं का प्रतिनिधित्व करता है। देवनानी की कौशिक से दोनों राज्यों के विभिन्न मुद्दों और राजस्थान विधान सभा में किये जा रहे विभिन्न नवाचारों पर चर्चा हुई।
स्पीकर देवनानी चार धाम यात्रा के लिए रवाना
मंगलवार को उत्तराखंड की पांच दिवसीय यात्रा के लिए राजस्थान विधान सभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी रवाना हुए। देवनानी का प्रातः सिविल लाइन्स स्थित राजकीय निवास पर विधान सभा के अधिकारियों ने पुष्प गुच्छ भेंट कर और माला पहनाकर अभिवादन किया व उनकी सुखद यात्रा के लिए शुभकामनाएं दी। इस मौके पर विधान सभा के प्रमुख सचिव भारत भूषण शर्मा, विशिष्ट सहायक के. के. शर्मा, उप सचिव सुनील अग्रवाल, योगेश त्रिपाठी, प्रमोद शर्मा, उप निदेशक (जनसम्पर्क) डॉ. लोकेश चन्द्र शर्मा, मार्शल विक्रम सिंह शेखावत, प्रोटोकॉल अधिकारी दिनेश कुमार शर्मा, परामर्शदाता नरेश जैन, पंकज माथुर, मनीष सैनी और रोहिताश पारीक मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *