जयपुर। जल जीवन मिशन के अंतर्गत जिले में संचालित कार्यों की समीक्षा बैठक मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद् प्रतिभा वर्मा की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित जल सेवा आकलन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि जिले में जल जीवन मिशन के कार्यों में आवश्यक सुधार हेतु कार्ययोजना तैयार कर अनुमोदन के लिए समय पर प्रेषित की जा सके। बैठक में जलापूर्ति व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुचारू बनाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए। बैठक में जिले में संचालित जल सेवा आकलन कार्यक्रम एवं लंबित हर घर जल प्रमाणीकरण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान सरपंच संघ के अध्यक्ष एवं ग्राम विकास अधिकारी संघ के पदाधिकारियों के साथ ग्राम पंचायतों से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई। बैठक में हर घर जल प्रमाणीकरण से संबंधित मुद्दों पर विचार-विमर्श करते हुए सरपंच संघ द्वारा विद्युत बिलों के भुगतान एवं योजनाओं के संचालन एवं संधारण से संबंधित विषय उठाए गए। बैठक में बताया गया कि जल जीवन मिशन 2.0 के अंतर्गत प्रस्तावित कार्य, जल जीवन मिशन 1.0 के शेष कार्यों के पूर्ण होने के पश्चात ही प्रारंभ किए जा सकेंगे। अधिकारियों ने सरपंच संघ से हर घर जल प्रमाणीकरण कार्य में सक्रिय सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया, जिस पर सरपंच संघ द्वारा सकारात्मक सहयोग का आश्वासन दिया गया। बैठक में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों, विकास अधिकारियों एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

जल जीवन मिशन कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित, हर घर जल प्रमाणीकरण एवं जल सेवा आंकलन कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश
ram


