नई दिल्ली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की युवा सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने रविवार को एशियन गेम्स 2026 में आतिशी शतकीय पारी खेली। उन्होंने महिला क्रिकेट स्पर्धा के दूसरे सेमीफाइनल में बांग्लादेश की बखिया उधेड़ी। शेफाली ने 49 गेंदों में तीन चौकों और 9 छक्कों की मदद से नाबाद 100 रन बनाए। उन्होंने भारतीय पारी की आखिरी गेंद पर सिंगल लेकर शतक कंप्लीट किया। यह उनके टी20 इंटरनेशनल करियर का पहला शतक है। उन्होंने 2019 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था। 22 वर्षीय शेफाली इतिहास रच डाला है। वह एशियन गेम्स में सेंचुरी लगाने वाली पहली बल्लेबाज बन गई हैं। शेफाली महिला T20I में शतक लगाने वाली तीसरी भारतीय हैं। उनसे पहले यह कमाल स्मृति मंधाना और हरमनप्रीत कौर ने किया।
शेफाली ने की हरमनप्रीत की बराबरी
शेफाली महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत के लिए संयुक्त रूप से सबसे तेज शतक लगाने वाली प्लेयर बन गई हैं। उन्होंने भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर की बराबरी की। हरमनप्रीत ने साल 2018 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 49 गेंदों में शतक जमाया था। ओवरऑल महिला T20I में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड डिएंड्रा डॉटिन के नाम दर्ज है। वेस्टइंडीज की धाकड़ ऑलराउंडर डॉटिन ने 2010 में साउथ अफ्रीका के विरुद्ध 38 गेंदों में सेंचुरी पूरी की थी। डॉटिन को छोड़कर कोई भी महिला क्रिकेटर 40 से कम गेंदों में सेंचुरी नहीं लगाई पाई। उनके बाद ऑस्ट्रेलिया की पूर्व क्रिकेटर एलिसा हीली हैं। उन्होंने 2019 में श्रीलंका के सामने 46 गेंदों में ऐसा किया था।
ओपनर शेफाली वर्मा ने रचा ये कीर्तिमान
शेफाली के शतक की बदौलत भारत ने सेमीफाइनल में 195/4 का बड़ा स्कोर खड़ा किया। उन्होंने स्मृति मंधाना (37) के साथ 72 रनों की ओपनिंग पार्टनरशिप की। उन्होंने हरमनप्रीत (40) के साथ तीसरे विकेट के लिए 94 रनों की साझेदारी की। शेफाली ने अपनी पारी में कई कीर्तिमान बनाए। वह महिला टी20 इंटरनेशनल में भारत के लिए सबसे ज्यादा छक्के (104) जड़ने वाली प्लेयर बन गई हैं। उन्होंने इस मामले में मंधाना (100) को पछाड़ा। शेफाली साथ ही महिला T20I में एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली भारतीय बन गई हैं। उन्होंने मंधाना (2024 में 763) का रिकॉर्ड ध्वस्त किया। शेफाली खाते में फिलहाल 815 रन हैं। वह ओवरऑल लिस्ट में दूसरे पायदान पर हैं।
महिला T20I में एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा रन
824 – लॉरा वोल्वार्ड्ट (साउथ अफ्रीका) 2026
815 – शेफाली वर्मा (भारत) 2026
800 – नताशा माइल्स (हॉन्ग कॉन्ग) 2026
779 – ईशा ओजा (यूएई) 2025
779 – यास्मीन दासवानी (हॉन्ग कॉन्ग) 2026
763 – स्मृति मंधाना (भारत) 2024



