सवाई माधोपुर जिला प्रभारी सचिव ने सेवा शिविरों की प्रगति की समीक्षा की—प्री-कैंप गतिविधियों, फॉलोअप कैंप के माध्यम से त्वरित निस्तारण एवं जनहित कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश

ram

जयपुर। विशिष्ट शासन सचिव, वित्त विभाग एवं सवाई माधोपुर जिला प्रभारी सचिव शिवांगी स्वर्णकार ने बुधवार को सवाई माधोपुर कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में ग्रामीण सेवा शिविर एवं शहरी सेवा शिविर-2026 की प्रगति की विस्तृत समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप प्री-कैंप गतिविधियों, फॉलोअप कैंप के माध्यम से सेवा शिविरों में आमजन को त्वरित राहत एवं योजनाओं का अधिकतम लाभ सुनिश्चित किया जाए तथा प्राप्त प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण किया जाए। बैठक में जिला प्रभारी सचिव ने मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा एवं मुख्य सचिव द्वारा जारी निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने पर विशेष बल देते हुए कहा कि आगामी शिविरों के लिए प्री-कैंप गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए, जिससे पात्र व्यक्तियों की पहचान, आवेदन तैयार करने, आधारभूत समस्याओं के समाधान तथा विभिन्न योजनाओं के लाभ वितरण की पूर्व तैयारियां समय रहते पूर्ण हो सकें। जिन प्रकरणों का निस्तारण शिविर दिवस पर संभव नहीं हो सके, उनके लिए नियमानुसार फॉलोअप कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने राजस्व, पंचायतीराज, नगरीय निकाय, सामाजिक सुरक्षा, पेयजल, विद्युत, चिकित्सा एवं अन्य विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि रास्तों, नामांतरण, सीमाज्ञान, पट्टा वितरण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, जल निकासी एवं आधारभूत सुविधाओं से जुड़े प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किये जायें। जिला प्रभारी सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में किए गए उत्कृष्ट कार्यों एवं वर्षों से लंबित प्रकरणों के समाधान से जुड़ी सफलता की कहानियों का नियमित का संकलन कर मीडिया के माध्यम से आमजन तक पहुंचाया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग शिविरों का लाभ लेने के लिए प्रेरित हों। उन्होंने लाभार्थियों के अनुभवों को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वीकृति पत्र, पट्टे एवं अन्य लाभों का सार्वजनिक वितरण कर जनसहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया। बैठक में जिला कलक्टर काना राम सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *