जोधपुर। राज्य सरकार द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 ग्रामीण क्षेत्रों में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने एवं आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं। विभिन्न ग्राम पंचायतों में आयोजित शिविरों के दौरान किसानों एवं ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
जैविक गोवर्धन योजना से कृषक को मिला आर्थिक संबल
पंचायत समिति सेखाला की ग्राम पंचायत बावड़ी में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान कृषि विभाग द्वारा जागरूक कृषक श्री शिवलाल राम को जैविक गोवर्धन योजना के अंतर्गत 10 हजार रुपये की अनुदान राशि स्वीकृत कर लाभान्वित किया गया। लाभार्थी ने योजना का लाभ मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राज्य सरकार एवं कृषि विभाग का आभार व्यक्त किया।
शिविर में शिकायत, तत्काल बहाल हुई विद्युत आपूर्ति
पंचायत समिति शेरगढ़ की ग्राम पंचायत देवराजगढ़ में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान पदमगढ़ निवासी प्रार्थी खेताराम ने एलटी लाइन के विद्युत पोल टूटने की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होते ही विद्युत विभाग के नोडल अधिकारी लेखराज मीणा एवं तकनीशियन मनीष ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया तथा तत्काल नया विद्युत पोल स्थापित कर बिजली आपूर्ति सुचारु करवाई। विद्युत समस्या का त्वरित समाधान होने पर प्रार्थी एवं ग्रामीणों ने राज्य सरकार, जिला प्रशासन एवं विद्युत विभाग का आभार व्यक्त किया।


