जोधपुर। राज्य सरकार द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों में महिला एवं बाल विकास तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाया जा रहा है। शिविरों के दौरान मातृत्व, बाल कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन कर लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा गया।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से महिलाओं को मिला लाभ
पंचायत समिति मण्डोर की ग्राम पंचायत आकथली में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के अंतर्गत पांच नए आवेदन मौके पर ही भरवाए गए। साथ ही पोषण ट्रैकर ऐप के माध्यम से फैमिली सर्वे कर पात्र लाभार्थियों को डिजिटल प्रणाली से जोड़ा गया। शिविर में गर्भवती सीता की पारंपरिक रीति-रिवाजों से गोद भराई की गई तथा उन्हें स्वास्थ्य एवं पोषण सामग्री प्रदान की गई। वहीं शिशु सूरज के पुत्र का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत बालिका छवि का बेटी जन्मोत्सव मनाते हुए कुमकुम पगलिया कार्यक्रम आयोजित किया गया तथा पौधरोपण कर बालिका के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। लाभार्थियों एवं ग्रामीणों ने राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।
वार्षिक सत्यापन कर पुनः शुरू की सामाजिक सुरक्षा पेंशन
पंचायत समिति चामू की ग्राम पंचायत देवानियां में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान तुलसी देवी पत्नी श्री मोडाराम की सामाजिक सुरक्षा पेंशन वार्षिक सत्यापन के अभाव में पिछले छह माह से बंद थी। शिविर में राजएसएसपी ऐप के माध्यम से फेस ऑथेंटिकेशन द्वारा वार्षिक सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण कर उनकी पेंशन पुनः प्रारंभ कर दी गई। लाभार्थी ने राहत मिलने पर राज्य सरकार एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।


