शीतकालीन सत्र : परिसीमन -महिला आरक्षण विधेयक से सरकार की अग्निपरीक्षा

ram

सौरभ वार्ष्णेय
संसद का आगामी सत्र देश की राजनीति के लिए कई मायनों में महत्वपूर्ण साबित होने जा रहा है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अपने मंत्रियों को 15 दिसंबर से पहले संसद सत्र की तैयारियां पूरी करने और सत्र से पहले विदेश यात्राओं से बचने की सलाह देना इस बात का संकेत है कि सरकार आगामी संसदीय कार्यवाही को लेकर बेहद गंभीर है। बुधवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में प्रधानमंत्री का यह निर्देश ऐसे समय आया है, जब संसद के मानसून सत्र के स्थगित होने के 100 से अधिक दिन बाद भी उसका औपचारिक सत्रावसान नहीं हुआ है। इस स्थिति ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दिया है। विपक्ष जहां संसद सत्र बुलाने में देरी को लेकर सरकार पर सवाल उठा रहा है, वहीं सत्ता पक्ष के सामने परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण विधेयक को लेकर राजनीतिक और संवैधानिक चुनौतियां खड़ी हैं।
दरअसल, संसद का सत्र केवल विधायी कार्यवाही का माध्यम नहीं होता, बल्कि यह लोकतंत्र में सरकार और विपक्ष के बीच संवाद, जवाबदेही तथा राष्ट्रीय मुद्दों पर विचार-विमर्श का सबसे महत्वपूर्ण मंच भी है। ऐसे में संसद की बैठक बुलाने और उसे समय पर संचालित करने को लेकर उठने वाले सवालों को राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए। संसद की कार्यवाही में निरंतरता और पारदर्शिता लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियादी जरूरत है।
मानसून सत्र 13 अगस्त को स्थगित हुआ था। इसके बाद से सत्रावसान नहीं होने और अगले सत्र की तारीख को लेकर अनिश्चितता ने विपक्ष को सरकार पर हमला करने का अवसर दिया है। विपक्ष का आरोप है कि सरकार जानबूझकर संसद की बैठक बुलाने में देरी कर रही है। हालांकि, सरकार के पास संसदीय कार्यक्रम निर्धारित करने का संवैधानिक और प्रक्रियागत अधिकार है, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं कि संसद को राजनीतिक सुविधा के अनुसार चलाने की धारणा मजबूत होने दी जाए। संसद का महत्व किसी एक दल या सरकार से बड़ा है।
आगामी सत्र में सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा परिसीमन से जुड़ा महिला आरक्षण विधेयक माना जा रहा है। सरकार यदि इस विधेयक को संसद में प्रस्तुत करती है तो यह उसके लिए एक बड़ी राजनीतिक और विधायी परीक्षा होगी। संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए संसद में विशेष बहुमत की आवश्यकता होती है। लोकसभा की 543 सदस्यीय वर्तमान संरचना में दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा 362 सदस्यों का है, जबकि राजनीतिक चर्चाओं में 361 मतों का आंकड़ा भी सामने रखा जा रहा है। ऐसे में सरकार को अपने मौजूदा संख्याबल से आगे बढ़कर विपक्षी दलों का समर्थन जुटाना होगा।
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन यानी एनडीए के पास वर्तमान में लगभग 320 सांसदों का समर्थन बताया जा रहा है। इस स्थिति में सरकार के लिए संविधान संशोधन विधेयक पारित कराना आसान नहीं होगा। केवल गठबंधन के संख्याबल के भरोसे संसद में दो-तिहाई बहुमत हासिल करना संभव नहीं दिखता। यही कारण है कि सरकार को क्षेत्रीय दलों और विपक्ष के कुछ घटकों के साथ संवाद स्थापित करना पड़ सकता है।
यहां सबसे महत्वपूर्ण प्रश्न यह है कि क्या महिला आरक्षण जैसे व्यापक सामाजिक महत्व के विषय को राजनीतिक प्रतिस्पर्धा से ऊपर उठाकर देखा जाएगा? महिलाओं को विधायी संस्थाओं में पर्याप्त प्रतिनिधित्व देना भारतीय लोकतंत्र की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता है। लेकिन यदि इस व्यवस्था को परिसीमन की प्रक्रिया से जोड़कर लागू किया जाता है तो इसके राजनीतिक, सामाजिक और संघीय प्रभावों पर गंभीर चर्चा आवश्यक हो जाती है।
परिसीमन का मुद्दा केवल लोकसभा की सीटें बढ़ाने तक सीमित नहीं है। इसका सीधा संबंध देश के संघीय ढांचे, राज्यों के प्रतिनिधित्व और राजनीतिक संतुलन से है। विशेष रूप से दक्षिण भारत के राज्यों की चिंताएं महत्वपूर्ण हैं। इन राज्यों का तर्क है कि उन्होंने जनसंख्या नियंत्रण, शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन किया है। ऐसे में यदि भविष्य में लोकसभा सीटों का निर्धारण केवल जनसंख्या के आधार पर किया जाता है तो जनसंख्या नियंत्रण में सफल राज्यों का संसद में सापेक्षिक राजनीतिक प्रभाव कम हो सकता है।
यह चिंता पूरी तरह नजरअंदाज नहीं की जा सकती। लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक के मत का समान महत्व होना चाहिए, लेकिन भारत जैसे विशाल और विविधतापूर्ण संघीय देश में राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व का संतुलन भी उतना ही आवश्यक है।सरकार द्वारा लोकसभा की कुल सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि के संभावित फॉर्मूले पर विचार इसी संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस प्रस्ताव के तहत राज्यों के बीच सीटों का मौजूदा अनुपात बनाए रखने और 1971 की जनगणना के आधार पर निर्धारित हिस्सेदारी को संरक्षित रखने की संभावना पर चर्चा हो रही है। यदि ऐसा कोई फार्मूला सामने आता है तो वह दक्षिणी राज्यों की चिंताओं को दूर करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हो सकता है।लेकिन इस विषय पर केवल राजनीतिक आश्वासन पर्याप्त नहीं होंगे। सरकार को स्पष्ट करना होगा कि प्रस्तावित परिसीमन से उत्तर और दक्षिण भारत के राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का संतुलन किस प्रकार बना रहेगा। साथ ही यह भी सुनिश्चित करना होगा कि किसी राज्य को जनसंख्या नियंत्रण और विकास के प्रयासों की सफलता के कारण राजनीतिक नुकसान न उठाना पड़े।
आगामी सत्र में विपक्ष मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर भी सरकार को घेर सकता है। विपक्ष चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता, मतदाता सूची में संभावित गड़बडिय़ों और निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता को लेकर अपनी आपत्तियां दर्ज करा रहा है। मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग भी राजनीतिक विवाद का विषय बनी हुई है।हालांकि, निर्वाचन आयोग एक स्वतंत्र संवैधानिक संस्था है और उसकी निष्पक्षता पर उठने वाले सवालों का समाधान तथ्यों, प्रक्रियाओं और संवैधानिक मर्यादाओं के आधार पर होना चाहिए। चुनाव आयोग की विश्वसनीयता लोकतंत्र की विश्वसनीयता से जुड़ी हुई है। इसलिए सरकार और विपक्ष दोनों की जिम्मेदारी है कि इस संस्था से जुड़े विवादों को राजनीतिक शोर-शराबे के बजाय संसदीय संवाद के माध्यम से सुलझाने का प्रयास करें।
विपक्ष का यह भी कहना है कि संसद का सत्र समय पर बुलाया जाना चाहिए था। वहीं सत्ता पक्ष के लिए आवश्यक है कि वह सदन में विपक्ष के सवालों का जवाब दे। लोकतंत्र में असहमति को बाधा नहीं, बल्कि व्यवस्था को मजबूत बनाने का माध्यम माना जाना चाहिए। संसद में हंगामा और कार्यवाही बाधित होना किसी भी पक्ष के हित में नहीं है।
अप्रैल में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 को आवश्यक समर्थन नहीं मिल पाने की चर्चा के बाद सरकार के सामने यह स्पष्ट चुनौती है कि वह इस बार पर्याप्त राजनीतिक सहमति कैसे बनाएगी। संविधान में संशोधन कोई सामान्य विधायी प्रक्रिया नहीं है। इसके माध्यम से देश की राजनीतिक और प्रशासनिक संरचना में दीर्घकालिक परिवर्तन किए जाते हैं। इसलिए ऐसे विधेयकों पर व्यापक विचार-विमर्श और राजनीतिक सहमति अनिवार्य है।
महिला आरक्षण के पक्ष में देश के लगभग सभी राजनीतिक दल सार्वजनिक रूप से अपनी प्रतिबद्धता जताते रहे हैं। ऐसे में सवाल यह उठता है कि जब महिला सशक्तीकरण पर व्यापक सहमति है तो परिसीमन के प्रश्न पर राजनीतिक मतभेद इतने गहरे क्यों हैं? इसका उत्तर इस बात में छिपा है कि राजनीतिक दल महिला आरक्षण के सिद्धांत का समर्थन तो करते हैं, लेकिन उसके क्रियान्वयन से होने वाले चुनावी और क्षेत्रीय प्रभावों को लेकर उनकी अपनी आशंकाएं हैं।
सरकार को चाहिए कि वह विधेयक का मसौदा सार्वजनिक विमर्श के लिए पर्याप्त स्पष्टता के साथ सामने रखे। राज्यों, क्षेत्रीय दलों, संवैधानिक विशेषज्ञों और महिला संगठनों से विचार-विमर्श किया जाए। इससे न केवल विधेयक की स्वीकार्यता बढ़ेगी, बल्कि भविष्य में किसी प्रकार के संवैधानिक विवाद की आशंका भी कम होगी।
आगामी संसद सत्र में महिला आरक्षण, परिसीमन, एसआईआर, चुनाव आयोग की भूमिका और विपक्ष के अन्य सवालों को लेकर तीखी बहस होने की संभावना है। प्रधानमंत्री मोदी का मंत्रियों को पहले से तैयार रहने का निर्देश इस बात का संकेत है कि सरकार इस सत्र को महत्वपूर्ण मान रही है। लेकिन सरकार की सफलता केवल विधेयक पारित कराने में नहीं, बल्कि संसद को सुचारु रूप से चलाने और लोकतांत्रिक संवाद कायम रखने में भी होनी चाहिए।
विपक्ष को भी यह समझना होगा कि संसद की कार्यवाही बाधित करने से जनता के मुद्दों का समाधान नहीं निकलता। यदि विपक्ष के पास सरकार की नीतियों और प्रस्तावित विधेयकों को लेकर गंभीर आपत्तियां हैं तो उन्हें तथ्यों और तर्कों के साथ सदन में उठाना चाहिए। दूसरी ओर, सरकार को भी बहुमत के राजनीतिक आत्मविश्वास में विपक्ष की चिंताओं की अनदेखी नहीं करनी चाहिए।
भारत का लोकतंत्र केवल बहुमत के आधार पर नहीं, बल्कि सहमति, असहमति और संवैधानिक मर्यादाओं के संतुलन पर चलता है। परिसीमन जैसे संवेदनशील विषय पर जल्दबाजी से बचना और सभी राज्यों को विश्वास में लेना सरकार की जिम्मेदारी है। महिला आरक्षण का उद्देश्य महिलाओं को राजनीतिक निर्णय प्रक्रिया में वास्तविक भागीदारी देना है, न कि किसी नए राजनीतिक विवाद को जन्म देना।
यानी यह कहना कोई अतिश्योक्ति नहीं होगा कि आगामी संसद सत्र सरकार और विपक्ष दोनों के लिए अपनी लोकतांत्रिक जिम्मेदारियां निभाने की बेहद कठिन परीक्षा वाला होगा। सरकार के सामने विधेयक पारित कराने की चुनौती है तो विपक्ष के सामने रचनात्मक भूमिका निभाने की जिम्मेदारी। देश को ऐसी संसद चाहिए जहां राजनीतिक मतभेद हों, लेकिन राष्ट्रीय हितों पर सहमति भी दिखाई दे। परिसीमन और महिला आरक्षण का भविष्य केवल सत्ता पक्ष के संख्याबल से तय नहीं होना चाहिए, बल्कि इसमें संघीय संतुलन, संवैधानिक भावना और लोकतांत्रिक सहमति सर्वोपरि होनी चाहिए। यही भारतीय संसदीय लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति और परिपक्वता का प्रमाण होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *