चित्तौड़गढ़ जिले की गंगरार पंचायत समिति की ग्राम पंचायत खारखंदा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर 2026 ग्रामीणों के लिए नई उम्मीद और समाधान लेकर आया। शिविर में एक ओर पशुपालकों को पशुओं के स्वास्थ्य उपचार, कृमिनाशक दवाइयाँ, फर्टिलिटी किट एवं मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना का लाभ मिला, वहीं दूसरी ओर वर्षों पुराने भूमि विवाद का भी आपसी सहमति से समाधान संभव हो सका।
पशुपालन विभाग द्वारा पशुपालकों को पशुओं के स्वास्थ्य संरक्षण एवं दुग्ध उत्पादन बढ़ाने हेतु आवश्यक दवाइयाँ वितरित की गईं तथा नियमित देखभाल के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही एक पशुपालक की दो भैंसों का मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत बीमा कर आर्थिक सुरक्षा प्रदान की गई, जिससे भविष्य में किसी अप्रत्याशित नुकसान की स्थिति में सहायता मिल सकेगी।
इसी शिविर में सह-खातेदारों की वर्षों पुरानी संयुक्त खातेदारी भूमि के बंटवारे का मामला भी आपसी सहमति से सुलझा। राजस्व विभाग द्वारा मौके पर आवश्यक प्रक्रिया प्रारंभ कर राजस्व रिकॉर्ड में बंटवारा दर्ज करने की कार्रवाई सुनिश्चित की गई। इससे खातेदारों को अपनी भूमि पर स्पष्ट स्वामित्व मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ तथा भविष्य के विवादों की संभावना समाप्त हुई।
ग्रामीणों ने बताया कि शिविर के माध्यम से गांव में ही समस्याओं का समाधान होने से समय, श्रम और धन की बचत हुई। लाभार्थियों ने जिला प्रशासन, राजस्व विभाग एवं पशुपालन विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर वास्तव में ग्रामीण विकास, आर्थिक सुरक्षा और सुशासन को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं।



