जोधपुर। राज्य सरकार द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से विभिन्न विभागीय योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाया जा रहा है। शिविरों में महिलाओं, किसानों, पशुपालकों एवं जरूरतमंद परिवारों को योजनाओं से जोड़कर उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाया जा रहा है।
ग्राम पंचायत चामू, पंचायत समिति चामू में राजीविका ब्लॉक चामू द्वारा महादेव स्वयं सहायता समूह का गठन किया गया। शिविर के दौरान शिविर प्रभारी अश्विन पंवार, विकास अधिकारी चंपालाल आचार्य, तहसीलदार राजेंद्र परिहार तथा राजीविका ब्लॉक परियोजना प्रबंधक जसराज पालीवाल द्वारा समूह की महिलाओं को बुक्स ऑफ रिकॉर्ड प्रदान किए गए। समूह की सदस्यों ने इस पहल को महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं विधायक बाबूसिंह राठौड़ के प्रति आभार व्यक्त किया।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत रामगढ़, पंचायत समिति शेरगढ़ निवासी उगमकंवर पत्नी जालाम सिंह की कहानी ग्रामीण सेवा शिविरों की सफलता को दर्शाती है। आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण उगमकंवर वर्षों से पक्के आवास के अभाव में कठिन परिस्थितियों में जीवनयापन कर रही थीं। ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत उनकी पात्रता का सत्यापन किया गया तथा उन्हें योजना का लाभ प्रदान किया गया।
योजना के तहत प्राप्त वित्तीय सहायता से उनका पक्का आवास निर्माण पूर्ण हुआ। 16 जून को आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में उन्हें आवास पूर्णता प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। नया घर मिलने से उगमकंवर एवं उनके परिवार में खुशी का माहौल है। अब परिवार सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक वातावरण में जीवनयापन कर रहा है। उगमकंवर ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना ने उनके जीवन में बड़ा परिवर्तन लाया है और यह योजना गरीब परिवारों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
वहीं ग्राम पंचायत बस्तवा, पंचायत समिति बालेसर में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में पशुपालन विभाग द्वारा ग्रामीणों एवं पशुपालकों को विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया। शिविर में प्राप्त आवेदनों का त्वरित निस्तारण करते हुए लाभार्थियों को मौके पर ही सेवाएं प्रदान की गईं।
मंगला पशु बीमा पॉलिसी-2026 के अंतर्गत लाभार्थी जसवंत सिंह पुत्र दीप सिंह को बीमा पॉलिसी के दस्तावेज एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। लाभार्थी ने योजना को पशुपालकों के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
बस्तवा में आयोजित शिविर में उपखंड अधिकारी भवानी सिंह चारण एवं तहसीलदार हुकम सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। अधिकारियों के मार्गदर्शन तथा विभागीय कार्मिकों के सहयोग से शिविर का सफलतापूर्वक संचालन एवं समापन किया गया। ग्रामीणों ने शिविरों के माध्यम से योजनाओं का लाभ सहज, पारदर्शी एवं त्वरित रूप से उपलब्ध होने पर प्रसन्नता व्यक्त की।


