ग्रामीण सेवा शिविरों से किसानों और पशुपालकों को मिला संबल

ram

जोधपुर। राज्य सरकार द्वारा संचालित ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से विभिन्न ग्राम पंचायतों में आमजन को योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। इन शिविरों में किसानों, पशुपालकों एवं ग्रामीण परिवारों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर उन्हें विभिन्न विभागीय योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। ग्राम रणजीत सागर, ग्राम पंचायत चामू, पंचायत समिति चामू निवासी मोड़ सिंह पुत्र जोग सिंह ने कृषि विभाग की तारबंदी योजना के तहत आवेदन किया था। विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप खेत की तारबंदी करवाने के बाद उन्हें 38 हजार रुपये की अनुदान राशि प्राप्त हुई। उन्होंने बताया कि तारबंदी से जंगली एवं आवारा पशुओं से फसल की सुरक्षा सुनिश्चित हुई है, जिससे फसल नुकसान में कमी आई है तथा खेती की लागत भी घटी है। उन्होंने इस योजना के लिए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे उनके परिवार को प्रत्यक्ष लाभ मिला है।

इसी प्रकार ग्राम चामू निवासी गिरधारी राम पुत्र अचला राम ने कृषि विभाग की पाइपलाइन योजना में आवेदन किया था। विभागीय मानकों के अनुरूप 300 मीटर पाइपलाइन कार्य पूर्ण होने पर उन्हें 15 हजार रुपये का अनुदान प्राप्त हुआ। गिरधारी राम ने बताया कि योजना से सिंचाई व्यवस्था बेहतर हुई है तथा पानी की 30 से 40 प्रतिशत तक बचत संभव हुई है। इसके साथ ही कृषि लागत में कमी आई है और समय की भी बचत हुई है। उन्होंने योजना को किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी बताते हुए राज्य सरकार एवं कृषि विभाग का आभार व्यक्त किया।

ग्रामीण सेवा शिविर चामू में कृषि विभाग द्वारा किसान भोपाल सिंह भाटी का पाइपलाइन योजना के लिए आवेदन भी करवाया गया, जिससे उन्हें भविष्य में योजना का लाभ प्राप्त हो सकेगा।

पंचायत समिति सेखाला की ग्राम पंचायत भालू, अनूपगढ़ में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में पशुपालन विभाग द्वारा ग्रामीणों एवं पशुपालकों को विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई तथा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाया गया। शिविर में प्राप्त आवेदनों का त्वरित निस्तारण कर अनेक सेवाएं मौके पर ही उपलब्ध कराई गईं।

मंगला पशु बीमा पॉलिसी-2026 के अंतर्गत लाभार्थी फूली पत्नी रमेश राम को बीमा पॉलिसी के दस्तावेज एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। लाभार्थी ने योजना को पशुपालकों के लिए सुरक्षा कवच बताते हुए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया।

भालू, अनूपगढ़ में आयोजित शिविर में तहसीलदार सवाई सिंह चारण एवं विकास अधिकारी चंचल राज शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। अधिकारियों के मार्गदर्शन तथा विभागीय कार्मिकों के समन्वित प्रयासों से शिविर का सफलतापूर्वक संचालन एवं समापन किया गया। ग्रामीणों ने शिविरों के माध्यम से योजनाओं का लाभ सहज एवं त्वरित रूप से उपलब्ध होने पर प्रसन्नता व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *