जयपुर। पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा दक्षता एवं सतत जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल (आरएसपीसीबी) में सोमवार को ‘ब्रिक्स सतत जीव शैली सप्ताह 2026’ के अंतर्गत ऊर्जा संरक्षण संबंधी विशेष गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ऊर्जा की बचत एवं विद्युत संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग का संदेश देने के लिए मंडल कार्यालय में एक घंटे तक गैर-जरूरी लाइटें बंद रखी गईं। साथ ही मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ऊर्जा संरक्षण की शपथ दिलाई गई। इस पहल का उद्देश्य संस्थागत स्तर पर ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करने के साथ ही दैनिक जीवन में पर्यावरण अनुकूल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा। शपथ के माध्यम से अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ऊर्जा का अनावश्यक उपयोग नहीं करने, आवश्यकता नहीं होने पर विद्युत उपकरणों एवं लाइटों को बंद रखने तथा ऊर्जा संरक्षण को अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर मंडल के अतिरिक्त मुख्य पर्यावरण अभियंता (एसीईई) भुवनेश माथुर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए ऊर्जा संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ऊर्जा की बढ़ती मांग एवं पर्यावरणीय चुनौतियों के दृष्टिगत ऊर्जा का विवेकपूर्ण उपयोग अत्यंत आवश्यक है। ऊर्जा संरक्षण केवल किसी विशेष दिवस अथवा आयोजन तक सीमित नहीं रहना चाहिए बल्कि इसे हमारी दैनिक जीवनशैली एवं कार्यसंस्कृति का हिस्सा बनाना होगा। श्री माथुर ने कहा कि ऊर्जा संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति का योगदान महत्वपूर्ण है। कार्यालयों एवं घरों में आवश्यकता नहीं होने पर लाइट, पंखे एवं अन्य विद्युत उपकरण बंद रखना, प्राकृतिक प्रकाश का अधिकतम उपयोग करना तथा ऊर्जा दक्ष उपकरणों को प्राथमिकता देना जैसे छोटे-छोटे प्रयास सामूहिक रूप से बड़े सकारात्मक परिणाम दे सकते हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से ऊर्जा संरक्षण के प्रति व्यक्तिगत जिम्मेदारी निभाने और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। एक घंटे तक गैर-जरूरी लाइटें बंद रखने की गतिविधि के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि पर्यावरण संरक्षण एवं ऊर्जा बचत की शुरुआत हमारे अपने व्यवहार में बदलाव से होती है। वहीं, कर्मचारियों द्वारा ली गई शपथ ने ऊर्जा संरक्षण के प्रति व्यक्तिगत एवं संस्थागत प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया। उल्लेखनीय है कि राजस्थान में 1 से 7 नवंबर तक आयोजित ‘ब्रिक्स सतत जीव शैली सप्ताह 2026’ के अंतर्गत सतत जीवनशैली के विभिन्न आयामों पर प्रदेशव्यापी जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। सप्ताह का उद्देश्य नागरिकों, सरकारी विभागों, संस्थानों एवं विभिन्न हितधारकों की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली, जिम्मेदार उपभोग तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को बढ़ावा देना है। वहीं राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल द्वारा इस सप्ताह के अंतर्गत ऊर्जा संरक्षण एवं पर्यावरणीय जिम्मेदारी को संस्थागत कार्यसंस्कृति और जनजीवन का हिस्सा बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
ऊर्जा संरक्षण की दिशा में आरएसपीसीबी की पहल, एक घंटे तक बंद रखी गैर-जरूरी बिजली उपकरण
ram


