जिले में टोबेको फ्री यूथ कैम्पेन 4.0 का संचालन, 60 दिवसीय विशेष अभियान में युवाओं को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति किया जाएगा जागरूक

ram

जयपुर। युवाओं एवं आमजन को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों से जागरूक करने तथा तंबाकू मुक्त वातावरण तैयार करने के उद्देश्य से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले में टोबेको फ्री यूथ कैम्पेन 4.0 के तहत 60 दिवसीय विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत जिला, ब्लॉक एवं ग्राम स्तर पर विभिन्न जागरूकता एवं प्रवर्तन संबंधी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इस संबंध में सोमवार को संयुक्त निदेशक एवं एसएनओ-एनटीसीपी डॉ. एस. एन. धौलपुरिया ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से अभियान को लेकर विस्तृत निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि अभियान का उद्देश्य युवाओं को तंबाकू एवं तंबाकू उत्पादों के सेवन से दूर रखना, शिक्षण संस्थानों को तंबाकू मुक्त बनाना तथा आमजन में तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। इसके लिए जिले के सभी संबंधित चिकित्सा संस्थानों एवं ब्लॉक स्तर के अधिकारियों को निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत छह प्रमुख रणनीतियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इनमें तंबाकू उत्पादों के दुष्प्रभावों के संबंध में जन-जागरूकता, तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थान गाइडलाइन की पालना, तंबाकू मुक्त ग्राम की अवधारणा को बढ़ावा देना, सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA) 2003 तथा इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट प्रतिबंध अधिनियम 2019 के प्रावधानों के तहत प्रभावी कार्रवाई, सोशल मीडिया के माध्यम से जागरूकता तथा कॉलेज एवं विश्वविद्यालयों की अभियान में सक्रिय सहभागिता शामिल है। डिप्टी सीएमएचओ (हैल्थ) प्रथम डॉ. मनु शेखावत और डिप्टी सीएमएचओ (हैल्थ) द्वितीय डॉ. सुरेन्द्र गोयल ने बताया कि अभियान के दौरान स्कूलों, कॉलेजों एवं अन्य शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों को तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों की जानकारी दी जाएगी। युवाओं को तंबाकू से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी तंबाकू मुक्त बनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर तंबाकू नियंत्रण संबंधी कानूनी प्रावधानों की पालना सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों के समन्वय से गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि अभियान की गतिविधियों की प्रतिदिन रिपोर्टिंग भारत सरकार के राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम (NTCP) के पोर्टल पर की जाएगी। जिला एवं ब्लॉक स्तर पर गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने आमजन, अभिभावकों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं युवाओं से अपील की कि वे तंबाकू सेवन से दूर रहें तथा तंबाकू मुक्त जयपुर के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *