नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के बीच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को बड़ा झटका लगा है। टीम के ओपनर फिल सॉल्ट चोटिल उंगली के स्कैन के लिए इंग्लैंड वापस लौट गए हैं। सॉल्ट टीम के आखिरी तीन मुकाबलों में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। सॉल्ट की गैरमौजूदगी में उनके हमवतन जैकब बेथेल को टॉप ऑर्डर में विराट कोहली का साझेदार बनाया गया है। 29 वर्षीय सॉल्ट ने 18 अप्रैल को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले के दौरान बाउंड्री बचाने की कोशिश में डाइव लगाई थी। इस प्रयास में सॉल्ट अपने बाएं हाथ की उंगली चोटिल करवा बैठे थे। ‘ईएसपीएनक्रिकइन्फो’ की रिपोर्ट के मुताबिक, सॉल्ट नेशनल टीम के मैनेजमेंट के कहने पर आगे की जांच के लिए घर लौट आए। सॉल्ट का इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के साथ सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट है।
रिपोर्ट में कहा गया है, “खिलाड़ी और फ्रेंचाइजी दोनों को उम्मीद है कि सॉल्ट की उंगली जल्द ही ठीक हो जाएगी, ताकि वह इस महीने भारत लौट सकें। आरसीबी का लक्ष्य पिछले सीजन में पहली बार जीते गए खिताब को बचाना है। अगर चोट के कारण सॉल्ट का शेष सीजन में खेलना नामुमकिन होता है, तो आरसीबी आईपीएल नियमों के तहत सॉल्ट के रिप्लेसमेंट को साइन करने के लिए योग्य होगी, लेकिन उम्मीद है कि फ्रेंचाइजी उन्हें ठीक होने का हर मौका देगी।”
फिल सॉल्ट ने आईपीएल 2026 में अब तक 6 मैच खेले हैं, जिसमें 33.66 की औसत के साथ 202 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 2 अर्धशतक निकले। आरसीबी फिलहाल 9 में से 6 मुकाबले जीतकर प्वाइंट्स टेबल में दूसरे पायदान पर मौजूद है। इस टीम ने अपने पिछले 5 में से 3 मैच जीते हैं। आरसीबी अपना अगला मुकाबला 7 मई को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेलेगी, जिसमें उसका सामना लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) से होगा।

उंगली की चोट के बाद इग्लैंड लौटे आरसीबी के ओपनर फिल सॉल्ट
ram


