राजुवास (जोबनेर) जयपुर ने विश्व पशु चिकित्सा दिवस-2026 मनाया, पशुओं को बेहतर चिकित्सा सेवाऐं प्रदान करना हमारा लक्ष्य—पशुपालन मंत्री

ram

जयपुर। विश्व पशु चिकित्सा दिवस-2026 के अवसर पर स्नातकोत्तर पशुचिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान, जयपुर में राजुवास (जोबनेर) की ओर से कार्यक्रम हुआ। इसमें पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत भी उपस्थित रहे। कुमावत ने विश्व पशु चिकित्सा दिवस की बधाई देते हुए कहा कि यह दिवस पशु चिकित्सकों के योगदान को याद करने का दिन है। इस दिवस को मनाने का उद्देश्य सभी को पशुधन के स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं संरक्षण के बारे में जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने पशु चिकित्सा को सुलभ व बेहतर करने के लिए कई नये पशु चिकित्सालय खोले हैं, क्रमोन्नयन किया है, निःशुल्क दवाईयों की संख्या बढ़ाई है तथा उनकी उपलब्धता सुनिश्चित की है। उन्होंने कहा कि पशुपालकों के घर पर ही पशु चिकित्सा उपलब्ध करवाने के लिए मोबाइल वेटनरी वैन, पशुपालकों के लिए गोपालक कार्ड, मंगला पशु बीमा योजना व सेक्स सॉर्टेड सीमन योजनाएं संचालित हैं। पशु टीकाकरण कार्यक्रम भी प्रभावी तरीके से क्रियान्वित किया जा रहा है, जिससे बीमारियों की रोकथाम की जा सके। राजुवास के कुलगुरु प्रो. त्रिभुवन शर्मा ने विश्व पशु चिकित्सा दिवस की बधाई देते हुए कहा कि राजस्थान की अर्थव्यवस्था व पोषण सुरक्षा में पशुपालन का महत्वपूर्ण योगदान है। पशुपालन विभाग के निदेशक डॉ. सुरेश चन्द मीना ने कहा कि पशु चिकित्सक न सिर्फ पशुओं का ईलाज करता है बल्कि मानव स्वास्थ्य, खाद्य सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण आदि में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है। संस्थान के अधिष्ठाता प्रो. धर्म सिंह मीना ने पशु चिकित्सा के इतिहास व वर्तमान स्थिति के बारे में अपने विचार रखे। इस अवसर पर दो सेवानिवृत आचार्य प्रो. जी.सी. गहलोत व प्रो. सुनन्दा शर्मा को उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया, राजुवास के न्यूज लेटर का विमोचन किया गया। तकनीकी सेमिनार में डॉ. एस.के. झीरवाल ने विश्व पशु चिकित्सा दिवस की इस वर्ष की थीम “पशु चिकित्सक- भोजन और स्वास्थ्य के संरक्षक” पर व्याख्यान दिया। कार्यक्रम में डॉ. मोनिका करनानी, कुलसचिव सावन कुमार चायल, सहायक अधिष्ठाता व छात्र कल्याण डॉ. निर्मल कुमार जेफ भी उपस्थित रहे। स्नातकोत्तर पशुचिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान द्वारा निःशुल्क एन्टी रैबीज टीकाकरण, स्वास्थ्य परीक्षण तथा पशु बांझपन निवारण शिविर लगाया गया। विद्यार्थियों की पोस्टर प्रतियोगिता व ऑनलाईन क्विज भी आयोजित की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *