परीक्षा प्रणाली पर उठते सवाल : क्या प्रतिभा से ज्यादा मजबूत हो गया है पेपर लीक नेटवर्क ?

ram

-सुनील कुमार महला
हाल ही में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने नीट-यूजी परीक्षा के संदर्भ में एक विस्तृत प्रेस रिलीज़ जारी कर यह स्पष्ट किया है कि वह निष्पक्ष, सुरक्षित और भरोसेमंद परीक्षाएं कराने तथा परीक्षा प्रणाली की ईमानदारी बनाए रखने के लिए सभी जांच एजेंसियों के साथ मिलकर कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है। एनटीए ने यह भी स्वीकार किया कि उसे राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (एसओजी) द्वारा नीट (यूजी) 2026 परीक्षा के आसपास कथित गड़बड़ियों को लेकर शुरू की गई कार्रवाई संबंधी रिपोर्ट्स की जानकारी है। पाठकों को बताता चलूं कि एनटीए के अनुसार 3 मई 2026 को आयोजित नीट (यूजी) परीक्षा निर्धारित समय पर और कड़े सुरक्षा प्रोटोकॉल के बीच संपन्न हुई थी। प्रश्नपत्रों को जीपीएस-ट्रैक्ड वाहनों के माध्यम से भेजा गया था तथा उन पर यूनिक और ट्रेस किए जा सकने वाले वॉटरमार्क आइडेंटिफायर्स लगाए गए थे। परीक्षा केंद्रों की निगरानी एक सेंट्रल कंट्रोल रूम से एआई-असिस्टेड सीसीटीवी मॉनिटरिंग के जरिए की जा रही थी। प्रत्येक अभ्यर्थी का बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन किया गया तथा परीक्षा केंद्रों पर फाइव-जी जैमर्स भी सक्रिय थे। एनटीए का कहना है कि परीक्षा प्रक्रिया सभी केंद्रों पर योजनानुसार शांतिपूर्वक पूरी हुई, लेकिन परीक्षा के चार दिन बाद यानी कि 7 मई 2026 की देर शाम एजेंसी को परीक्षा के आसपास कथित गड़बड़ियों से जुड़े कुछ इनपुट प्राप्त हुए। इन इनपुट्स को 8 मई 2026 की सुबह स्वतंत्र सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए केंद्रीय एजेंसियों को भेज दिया गया। एनटीए ने कहा है कि मामले की जांच अभी जारी है और एजेंसियां उचित समय पर तथ्यों को सामने लाएंगी। एजेंसी ने यह भी स्पष्ट किया कि अधिकांश वास्तविक अभ्यर्थियों की मेहनत और ईमानदारी पर कोई प्रश्नचिह्न नहीं लगाया जा सकता और न ही उसे कम करके आंका जाना चाहिए। साथ ही, एनटीए ने माना कि इस प्रकार की खबरों से विद्यार्थियों में चिंता और मानसिक दबाव पैदा होता है, इसलिए उसने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे जांच एजेंसियों को अपना कार्य पूरा करने का अवसर दें। एजेंसी के अनुसार, शिक्षा मंत्रालय से परामर्श लेकर उचित समय पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इस संदर्भ में एनटीए ने हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं ताकि अभ्यर्थियों की शंकाओं का समाधान किया जा सके।बहरहाल, यह कहना गलत नहीं होगा कि वर्तमान समय घोर प्रतिस्पर्धा का दौर है और इस दौर में लगभग हर परीक्षा कठिन और तनावपूर्ण हो चुकी है। हाल ही में आयोजित नीट 2026 परीक्षा एक कथित ‘गेस पेपर’ को लेकर विवादों में आ गई है। राजस्थान की एसओजी के हाथ लगे इस कथित गेस पेपर की सच्चाई पर अभी भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, अभी तक इसकी पूरी पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन जिस प्रकार की बातें सामने आ रही हैं, उसने अभ्यर्थियों, अभिभावकों और समाज को चिंता में जरूर डाल दिया है। आरोप यह भी लगाए जा रहे हैं कि सोशल मीडिया के माध्यम से सीकर के एक कंसल्टेंसी संचालक तक यह पेपर पहुंचा था और इसे पांच-पांच लाख रुपये में बेचने की कोशिश की गई। बताया जा रहा है कि 150 पृष्ठों के इस कथित गेस पेपर में दिए गए 410 प्रश्नों में से लगभग 120 प्रश्न परीक्षा में हूबहू आने के दावे किए जा रहे हैं, जिससे संदेह और गहरा गया है। शायद यही कारण भी रहा कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी(एनटीए) को स्वयं इस संदर्भ में(नीट यूजी परीक्षा के संदर्भ में) सार्वजनिक रूप से सफाई देनी पड़ी। एजेंसी ने स्वीकार किया कि कुछ संदिग्ध इनपुट केंद्रीय एजेंसियों को जांच के लिए भेजे गए हैं, हालांकि उसने यह भी दोहराया कि परीक्षा पूरी तरह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजित की गई थी। अब यहां पर सबसे बड़ा सवाल, यक्ष प्रश्न यह खड़ा होता है कि आखिर हर बड़ी परीक्षा के बाद भरोसे का संकट क्यों उत्पन्न हो जाता है? लाखों छात्र-छात्राएं वर्षों की कठिन मेहनत, बहुत सा पैसा और धन खर्च करके तनाव और उम्मीदों के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होते हैं, लेकिन जैसे ही पेपर लीक, गड़बड़ी या फर्जीवाड़े की खबर सामने आती है, पूरी परीक्षा व्यवस्था संदेह के घेरे में आ जाती है। भले ही बाद में जांच एजेंसियां सच और अफवाहों के बीच अंतर स्पष्ट कर दें, लेकिन तब तक विद्यार्थियों का मानसिक संतुलन, आत्मविश्वास और व्यवस्था पर भरोसा बुरी तरह प्रभावित हो चुका होता है। कहना गलत नहीं होगा कि आज प्रतियोगी परीक्षाएं केवल प्रतिभा की नहीं, बल्कि पूरी व्यवस्था की विश्वसनीयता की परीक्षा बनती जा रही हैं। चाहे नीट हो, शिक्षक भर्ती परीक्षा, पुलिस भर्ती, पटवारी परीक्षा, एसएससी या राज्यों की अन्य छोटी-बड़ी भर्तियां-आज लगभग लगभग हर परीक्षा के बाद यही प्रश्न उठता है कि क्या मेहनत करने वाले विद्यार्थियों को वास्तव में न्याय मिलेगा?

सबसे बड़ी चिंता की बात तो यह है कि पेपर लीक अब अपवाद नहीं रहा, बल्कि यह धीरे-धीरे एक संगठित अपराध का रूप ले चुका है। इसमें केवल दलाल ही नहीं, बल्कि कई बार कोचिंग नेटवर्क, तकनीकी विशेषज्ञ, प्रिंटिंग सिस्टम से जुड़े लोग और अंदरूनी तंत्र तक शामिल पाए जाते हैं। करोड़ों रुपये का यह अवैध खेल युवाओं के भविष्य पर भारी पड़ रहा है। जब कोई परीक्षा रद्द होती है तो लाखों अभ्यर्थियों का समय, पैसा और मानसिक संतुलन प्रभावित होता है। गांवों से शहरों तक परीक्षा देने आने वाले गरीब परिवारों के सपने एक झटके में टूट जाते हैं। कई युवा वर्षों तक तैयारी करते हैं, लेकिन बार-बार होने वाली गड़बड़ियों से उनका आत्मविश्वास कमजोर पड़ जाता है। यही कारण है कि अब यह केवल शिक्षा व्यवस्था की समस्या नहीं रह गई है, बल्कि युवाओं के भविष्य, मेहनत और देश की प्रतिभा पर सीधा आघात बन चुकी है। ऐसी स्थिति में सबसे बड़ा प्रश्न यही है कि आखिर इसका स्थायी और ठोस समाधान क्या हो सकता है? दरअसल, इसके लिए सबसे पहले हमें हमारी परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह तकनीक आधारित, सुरक्षित और पारदर्शी बनाना होगा। प्रश्नपत्रों की छपाई से लेकर वितरण तक एन्क्रिप्टेड डिजिटल सिस्टम लागू किए जाने की आवश्यकता है। इतना ही नहीं,परीक्षा शुरू होने से कुछ समय पहले ही प्रश्नपत्र सुरक्षित माध्यम से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचें और उनका एक्सेस केवल सीमित अधिकृत अधिकारियों तक रहे, हालांकि ऐसा सुनिश्चित किया जा रहा है, लेकिन इस ओर और अधिक ध्यान दिए जाने की आवश्यकता है।आज के समय में सीसीटीवी की अनवरत निगरानी, बायोमेट्रिक उपस्थिति, एआई आधारित मॉनिटरिंग और डिजिटल ट्रैकिंग जैसी व्यवस्थाएं गड़बड़ियों को काफी हद तक रोक सकती हैं। एनटीए द्वारा अपनाई गई जीपीएस-ट्रैक्ड ट्रांसपोर्टेशन, एआई-असिस्टेड सीसीटीवी निगरानी, बायोमेट्रिक सत्यापन और फाइव-जी जैमर्स जैसी व्यवस्थाएं इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा सकती हैं, लेकिन यदि इसके बावजूद संदेह पैदा हो रहा है तो सुरक्षा तंत्र को और अधिक मजबूत बनाने की आवश्यकता है।दूसरा, पेपर लीक मामलों में त्वरित और कठोर दंड बेहद जरूरी है। हालांकि,पेपर लीक और परीक्षा में गड़बड़ी रोकने के लिए केंद्र सरकार के साथ-साथ कुछ राज्यों ने भी कठोर कानून और सख्त दंड का प्रावधान किया है। मसलन,हिमाचल प्रदेश विधानसभा ने ‘पब्लिक एग्जामिनेशन (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) बिल” पारित किया है, जिसमें पेपर लीक, नकल और सॉल्वर गैंग पर 3 से 10 वर्ष तक की सजा तथा भारी जुर्माने का प्रावधान किया गया है। इसी प्रकार से उत्तर प्रदेश सरकार ने पेपर लीक और सॉल्वर गैंग पर सख्त कानून लाने की घोषणा की है तथा इसमें कठोर जेल, भारी जुर्माना और संपत्ति जब्ती जैसे प्रावधानों की चर्चा हुई है।उत्तराखंड में पेपर लीक मामले के बाद राज्य में सख्त कार्रवाई, गैंगस्टर एक्ट और कठोर कानूनी कदम उठाए गए। कई आरोपियों की संपत्तियों पर भी कार्रवाई हुई। यहां पाठकों को बताता चलूं कि राजस्थान में प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और नकल रोकने के लिए राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम के उपाय) (संशोधन) विधेयक, 2023 के तहत बेहद सख्त कानून लागू है। इसमें दोषी पाए जाने पर 5 से 10 साल तक की जेल और ₹10 लाख से लेकर ₹10 करोड़ तक के जुर्माने का प्रावधान है। इस कानून के तहत प्रमुख प्रावधानों में क्रमशः संपत्ति कुर्की भी शामिल है तथा इसे गैर-जमानती अपराध माना गया है। बहरहाल, यहां पाठकों को बताता चलूं कि इन सबके अलावा वर्ष 2024 में केंद्र सरकार ने भी पब्लिक एग्जामिनेशन (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) एक्ट लागू किया है, जिसमें 10 साल तक की जेल और ₹1 करोड़ तक के जुर्माने का प्रावधान है। इतना ही नहीं, केंद्र सरकार (संपूर्ण भारत के लिए) केंद्र ने ‘सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024’ लागू किया है। इसके तहत पेपर लीक, उत्तर पुस्तिका से छेड़छाड़ और संगठित नकल पर अधिकतम 10 वर्ष की जेल तथा 1 करोड़ रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है। सभी अपराध संज्ञेय और गैर-जमानती बनाए गए हैं। हाल फिलहाल यहां यह कहना चाहूंगा कि अक्सर यह देखा जाता है कि जांच वर्षों तक चलती रहती है, जिससे अपराधियों में कानून का भय समाप्त हो जाता है। ऐसे मामलों के लिए विशेष फास्ट ट्रैक अदालतें गठित की जानी चाहिएं ताकि कम समय में दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिल सके। दोषियों पर भारी आर्थिक दंड लगाया जाना चाहिए, और उनकी संपत्ति जब्त की जानी चाहिए तथा उन्हें आजीवन किसी भी परीक्षा प्रक्रिया से प्रतिबंधित किया जाना चाहिए। यदि किसी अधिकारी, कर्मचारी या परीक्षा तंत्र से जुड़े व्यक्ति की मिलीभगत सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कठोर से कठोर कार्रवाई सुनिश्चित होनी चाहिए। तीसरा, परीक्षा एजेंसियों की जवाबदेही तय करना अत्यंत आवश्यक है। यदि किसी परीक्षा में सुरक्षा चूक, लापरवाही या प्रशासनिक कमजोरी सामने आती है तो संबंधित संस्था और अधिकारियों की जिम्मेदारी निर्धारित होनी चाहिए। केवल विद्यार्थियों पर दोबारा परीक्षा का बोझ डाल देना समाधान नहीं है, बल्कि पूरे तंत्र में सुधार लाना भी उतना ही आवश्यक है। इसके साथ ही कोचिंग माफिया और संगठित गिरोहों पर प्रभावी कार्रवाई की जानी चाहिए। कई बार बेरोजगार युवाओं की मजबूरी और प्रतियोगिता के दबाव का फायदा उठाकर बड़े नेटवर्क इस प्रकार के अपराधों को अंजाम देते हैं। साइबर सेल, खुफिया एजेंसियों और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर ऐसे गिरोहों को समय रहते पकड़ना होगा।सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हमें समाज में ईमानदारी, नैतिकता और मेहनत के प्रति विश्वास का वातावरण बनाया होगा। जब तक सफलता को किसी भी कीमत पर हासिल करने की मानसिकता बनी रहेगी, तब तक ऐसी घटनाओं को पूरी तरह समाप्त करना मुश्किल है। अभिभावकों, शिक्षकों और समाज को युवाओं में यह विश्वास मजबूत करना होगा कि सच्ची सफलता केवल मेहनत, ईमानदारी और प्रतिभा से ही प्राप्त होती है।

निष्कर्षतः, यहां यह बात कही जा सकती है कि पेपर लीक और परीक्षाओं में गड़बड़ी पर रोक केवल और कठोर कानूनों से ही नहीं लगेगी, बल्कि इसके लिए मजबूत तकनीक, पारदर्शी व्यवस्था, सख्त दंड, जवाबदेही, प्रशासनिक सुधार और सामाजिक नैतिकता का सामूहिक प्रयास भी बहुत आवश्यक है। यदि परीक्षा प्रणाली निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय बनेगी, तभी युवाओं का भरोसा कायम रहेगा और देश की वास्तविक प्रतिभा सही मायनों में आगे आ सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *