श्रीविजयनगर में नशे के खिलाफ जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

ram

श्रीगंगानगर। जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव व जिला पुलिस अधीक्षक हरिशंकर के नेतृत्व में जारी व सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित नशा मुक्त श्रीगंगानगर अभियान के अंतर्गत श्रीविजयनगर में जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग से विक्रम ज्याणी एवं उनकी टीम रेड आर्ट्स थिएटर ग्रुप ने भावनात्मक और प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुति दी। लक्ष्या ज्याणी एवं सहीराम, अमन, अंशु ने नाटक के माध्यम से नशे की भयावह सच्चाई को जीवंत कर दिया। नाटक में एक ऐसे परिवार की कहानी दिखाई गई, जहाँ नशे की लत ने घर की खुशियाँ छीन ली थीं। एक माँ की बेबस पुकार, बहन की टूटी हुई उम्मीदें, परिवार की आर्थिक और सामाजिक बर्बादी तथा एक युवा का अंधकारमय भविष्य दिखाया गया।
अंत में उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे। प्रसिद्ध राजस्थानी कॉमेडियन ख्याली सहारण, मानव सहारण एवं उनकी टीम ने राजस्थानी संस्कृति से ओत-प्रोत मनोरंजक एवं संदेशपरक प्रस्तुतियाँ दीं। हास्य के माध्यम से उन्होंने समाज को यह संदेश दिया कि जीवन की असली खुशी नशे में नहीं, बल्कि परिवार, संस्कृति, संस्कार और स्वस्थ जीवनशैली में है। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि नशे के खिलाफ यह अभियान केवल सरकारी प्रयास नहीं, बल्कि पूरे समाज का जनआंदोलन है। यदि प्रत्येक नागरिक अपने परिवार और आसपास के युवाओं को नशे से बचाने का संकल्प ले, तो निश्चित रूप से श्रीगंगानगर को नशा मुक्त बनाने का सपना साकार हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *