जयपुर में त्योहारों से पहले महंगाई का झटका : CNG और PNG के दाम 2 रुपए बढ़े, आज रात 12 बजे से लागू होंगी नई दरें

ram

जयपुर। त्योहारी सीजन से ठीक पहले जयपुर के बाशिंदों को महंगाई का तगड़ा झटका लगा है। राजधानी में पाइप लाइन के जरिए घरों में सप्लाई होने वाली रसोई गैस (PNG) और वाहनों में इस्तेमाल होने वाली कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) महंगी हो गई है। गैस आपूर्ति कंपनी टोरेंट गैस ने दोनों के दामों में करीब 2 रुपए की बढ़ोतरी की है। नई दरें आज रात 12 बजे से प्रभावी हो जाएंगी। PNG के दाम में 2 रुपए प्रति SCM की वृद्धि कंपनी द्वारा जारी नई दर सूची के अनुसार, घरेलू पीएनजी की मूल दर को 47.91 रुपए से बढ़ाकर 49.77 रुपए प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर (एससीएम) कर दिया गया है। टैक्स जुड़ने के बाद अब उपभोक्ताओं को पीएनजी 51.50 रुपए के स्थान पर 53.50 रुपए प्रति एससीएम की दर से मिलेगी। यानी प्रति एससीएम सीधे 2 रुपए का इजाफा हुआ है। वर्तमान में जयपुर शहर के करीब 50 हजार घरों में पाइप लाइन के जरिए नेचुरल गैस की सप्लाई की जा रही है, जिन पर इस मूल्य वृद्धि का सीधा असर पड़ेगा।
सीएनजी अब 99.50 रुपए प्रति किलो
वाहनों के लिए सीएनजी की दरों में भी 2 रुपए प्रति किलोग्राम की बढ़ोतरी की गई है। शहर के पेट्रोल पंपों पर वर्तमान में 97.50 रुपए प्रति किलो बिक रही सीएनजी आज आधी रात के बाद 99.50 रुपए प्रति किलो की दर से मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि इससे करीब चार महीने पहले मई में भी कंपनी ने पीएनजी के दामों में लगभग 2 रुपए की बढ़ोतरी की थी। अब एक बार फिर कीमतें बढ़ने से आम जनता की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ना तय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *