नागौर। राजस्थान के नागौर जिले में गुरुवार सुबह बारूद के गोदाम में हुए भीषण विस्फोट से इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे में दो चचेरे भाइयों की जान चली गई। धमाका इतना शक्तिशाली था कि आसपास के करीब 100 फीट के दायरे में मौजूद मकानों और वाहनों को नुकसान पहुंचा। विस्फोट के कारण दोनों मृतकों के शवों के टुकड़े दूर-दूर तक बिखर गए। जानकारी के अनुसार, यह हादसा नागौर के बड़ली इलाके में सुबह करीब 9:40 बजे हुआ। गोदाम में पोटेशियम नाइट्रेट मिलाकर बारूद तैयार किया जाता था। हालांकि, शुरुआती जानकारी में विस्फोट की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 28 वर्षीय मोहम्मद आमिर सौरगर और उनके 32 वर्षीय चचेरे भाई मुजिद सौरगर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, गोदाम का मालिक अमीन बताया जा रहा है। विस्फोट की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि गोदाम के आसपास के मकानों और वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है। फिलहाल, धमाके के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

नागौर में बारूद के गोदाम में जोरदार धमाका, दो चचेरे भाइयों की मौत ; 100 फीट तक मलबा बिखरा
ram


