चूरू जिले में दो चरणों में उत्साहपूर्वक व शांतिपूर्ण मतदान संपन्न, जिले के 11 नगरीय निकायों के कुल 429 वार्डों के सदस्यों के निर्वाचन के लिए हुआ औसत 73.809 प्रतिशत मतदान

ram

चूरू। राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार चूरू जिले में नगर निकाय आम चुनाव — 2026 के मध्यनजर दो चरणों में उत्साहपूर्वक व शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हुआ। दोनों चरणों में जिले के 11 नगर निकायों के कुल 429 वार्डों के सदस्यों के निर्वाचन के लिए औसत 73.809 प्रतिशत मतदान हुआ। इन 429 वार्डों के कुल पंजीकृत 491496 मतदाताओं में से कुल 362772 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं बीदासर में वार्ड संख्या 15 में सदस्य पद का निर्विरोध निर्वाचन रहा।

जिलेवासियों के प्रति कृतज्ञता

जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) अभिषेक सुराणा के निर्देशन में निर्वाचन मशीनरी ने मुस्तैदी से निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न करवाई तथा 11 नगर निकायों में मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिला निर्वाचन अधिकारी (कलक्टर) अभिषेक सुराणा ने मतदान प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने की दिशा में जिलेवासियों की ओर से प्राप्त सहयोग के लिए कृतज्ञता व्यक्त की है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जागरूक और जिम्मेदार मतदाताओं की भागीदारी में निहित है। जिले के मतदाताओं ने जिस उत्साह, जिम्मेदारी और लोकतांत्रिक भावना के साथ मतदान में भाग लिया, वह अत्यंत सराहनीय है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले में शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से मतदान संपन्न कराने में निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी अधिकारी-कर्मचारियों, मतदाताओं, मतदान दलों, पुलिस एवं सुरक्षा बलों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा विभिन्न राजनीतिक दलों एवं अभ्यर्थियों, बीएलओ, पर्यवेक्षकों तथा अन्य कार्मिकों को उनके समर्पित प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया है।

पहले चरण में पांच नगरनिकायों में औसत 72.951 प्रतिशत मतदान

उप जिला निर्वाचन अधिकारी (अति. जिला कलक्टर) अर्पिता सोनी ने बताया कि बुधवार, 09 सितंबर को पहले चरण में चूरू जिले में नगरपरिषद सुजानगढ़ व चूरू एवं नगरपालिका राजगढ़, रतननगर व छापर आदि पांच नगरनिकायों के कुल 205 वार्डों के वार्ड सदस्यों के निर्वाचन के लिए औसत 72.951 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान में सभी पांचों नगरनिकायों में पंजीकृत कुल 255602 मतदाताओं में से कुल 186465 मतदाताओं ने मतदान किया। इस दौरान राजगढ़ नगरपालिका में सर्वाधिक 78 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीं रतननगर नगरपालिका में 75.99 प्रतिशत, छापर नगरपालिका में 75.04 प्रतिशत, चूरू नगरपरिषद में 72.81 प्रतिशत तथा सुजानगढ़ नगरपरिषद में 69.45 प्रतिशत मतदान हुआ।
उन्होंने बताया कि चूरू नगरपरिषद के 60 वार्डों के कुल 96790 मतदाताओं में से 70469 मतदाताओं, सुजानगढ़ नगरपरिषद के 60 वार्डों के कुल 83511 में से 58000 मतदाताओं, राजगढ़ नगरपालिका के 40 वार्डों के कुल 46782 मतदाताओं में से 36491 मतदाताओं, रतननगर नगरपालिका के 20 वार्डों के कुल 10948 मतदाताओं में से 8319 मतदाताओं व छापर नगरपालिका के 25 वार्डों के कुल 17571 मतदाताओं में से 13186 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।

छह नगरनिकायों में औसत 74.739 प्रतिशत मतदान

उप जिला निर्वाचन अधिकारी (अति. जिला कलक्टर) अर्पिता सोनी ने बताया कि शुक्रवार को दूसरे चरण में जिले में नगरपरिषद सरदारशहर एवं नगरपालिका तारानगर, साहवा, रतनगढ़, बीदासर व राजलदेसर आदि छह नगरनिकायों के कुल 224 वार्डों के सदस्यों के निर्वाचन के लिए औसत 74.739 प्रतिशत मतदान हुआ। इन छह नगरनिकायों के कुल 224 वार्डों के सदस्य पदों के निर्वाचन के लिए हुए कुल 224 वार्डों में पंजीकृत कुल 235894 मतदाताओं में से कुल 176307 मतदाताओं द्वारा मतदान किया गया। साहवा नगरपालिका में सर्वाधिक 86.59 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीं राजलदेसर नगरपालिका में 77.02 प्रतिशत, रतनगढ़ नगरपालिका में 75.12 प्रतिशत, सरदारशहर नगरपरिषद में 69.96 प्रतिशत तथा बीदासर नगरपालिका में 74.08 प्रतिशत व तारानगर नगरपालिका में 81.45 प्रतिशत मतदान हुआ। दूसरे चरण में नगरपरिषद सरदारशहर के कुल 55 वार्डों के कुल 83613 मतदाताओं में से 57799 मतदाताओं, नगरपालिका तारानगर के कुल 35 वार्डों के कुल 29093 मतदाताओं में से 23697 मतदाताओं, साहवा के कुल 20 वार्डों के कुल 12069 मतदाताओं में से 10451 मतदाताओं, रतनगढ़ के कुल 45 वार्डों के कुल 59223 मतदाताओं में से 44490 मतदाताओं, राजलदेसर के कुल 35 वार्डों के कुल 23286 मतदाताओं में से 17935 मतदाताओं व बीदासर के कुल 34 वार्डों के कुल 29610 मतदाताओं में से 21935 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। बीदासर में वार्ड संख्या 15 में सदस्य पद का निर्विरोध निर्वाचन रहा।

सभी नगरनिकाय मुख्यालयों पर 14 सितंबर को होगी मतगणना

जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक सुराणा के निर्देशन में सदस्य पद के निर्वाचन हेतु जिले में दोनों चरणों में हुए मतदान के मतों की गणना सभी नगरनिकाय मुख्यालयों पर ही 14 सितंबर, 2026 को निर्धारित मतगणना स्थलों पर मतगणना की जाएगी।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी अर्पिता सोनी ने बताया कि राजगढ़ नगरपालिका की मतगणना राजकीय महाविद्यालय राजगढ़ के कमरा नंबर 07 में 08 मतगणना टेबलों पर कुल 06 राउंड में, चूरू नगरपरिषद की मतगणना पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय चूरू के एक्टिविटी हॉल में 14 मतगणना टेबलों पर कुल 8 राउंड में, रतननगर नगरपालिका की मतगणना श्रीबृजलाल बुधिया राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय रतननगर के हॉल प्रथम तल में 05 मतगणना टेबलों पर कुल 4 राउंड में, सुजानगढ़ नगरपरिषद की मतगणना मास्टर भंवरलाल मेघवाल राजकीय कन्या महाविद्यालय सुजानगढ़ के कमरा नंबर 04 में 10 मतगणना टेबलों पर कुल 10 राउंड में, छापर नगरपालिका की मतगणना राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय छापर के हॉल में 06 मतगणना टेबलों पर कुल 5 राउंड में, सरदारशहर नगरपरिषद की मतगणना एसबीडी राजकीय महाविद्यालय सरदारशहर के कमरा नंबर 18 में 11 मतगणना टेबलों पर कुल 9 राउंड में, तारानगर नगरपालिका की मतगणना मां जालपा देवी राजकीय महाविद्यालय तारानगर के कमरा नंबर 21 में 10 मतगणना टेबलों पर कुल 4 राउंड में, साहवा नगरपालिका की मतगणना मोहनी देवी चाचाण राजकीय महाविद्यालय साहवा के कमरा नंबर 02 में 07 मतगणना टेबलों पर कुल 3 राउंड में, रतनगढ़ नगरपालिका की मतगणना श्रीमती केशरी देवी लोहिया राजकीय कन्या महाविद्यालय रतनगढ़ के कमरा नंबर 03 में 10 मतगणना टेबलों पर कुल 7 राउंड में, राजलदेसर नगरपालिका की मतगणना राजकीय महाविद्यालय राजलदेसर के कमरा नंबर 03 में 05 मतगणना टेबलों पर कुल 7 राउंड में एवं बीदासर नगरपालिका की मतगणना ज्ञान ज्योति उच्च माध्यमिक शिक्षण संस्थान बीदासर के कमरा नंबर 08 में 06 मतगणना टेबलों पर कुल 07 राउंड में मतगणना संपन्न होगी।
अर्पिता सोनी ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों को निर्धारित मतगणना केंद्रों पर मतगणना टेबल, कार्मिकों की तैनाती, सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *