ग्रीस में समुद्र में पलटी ओवरलोड बोट, 79 की मौत, 104 लोगों को बचाया गया

ram

ग्रीस. ग्रीस में बुधवार तड़के एक ओवरलोड बोट समुद्र में पलट गई। इस हादसे में 79 लोगों की मौत हो गई। अब तक 104 लोगों को बचाया जा चुका है। राहत और बचाव कार्य जारी है। कोस्ट गार्ड ने बताया कि बोट के डूबने के दौरान उस पर कितने लोग सवार थे अभी यह स्पष्ट नहीं है। हालांकि, हादसे में बचाए गए लोगों के मुताबिक, उस पर 750 लोग सवार थे।

इटली जा रही थी बोट, मछली पकड़ने के लिए होती थी इस्तेमाल
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, समुद्र में जो बोट पलटी है उसका इस्तेमाल मछली पकड़ने के लिए किया जाता था। बोट पूर्वी लीबिया के टोब्रुक इलाके से रवाना हुई थी। इसे इटली पहुंचना था।

बचाए गए लोगों में दिख रहे हाइपोथर्मिया के लक्षण
CNN की रिपोर्ट के मुताबिक, कलामाता के मेयर थानासिस वासिलोपोलोस ने बताया कि बचाए गए सभी पुरुषों की उम्र 16-41 साल के बीच है। बोट पर महिलाएं और बच्चे भी सवार थे। 4 लोगों में हाइपोथर्मिया (शरीर की वह स्थिति जिसमें तापमान सामान्य से कम हो जाता है) के लक्षण दिखे थे। सभी को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।

जून में 1800 प्रवासियों को हिरासत में लिया गया
जून की शुरुआत में लीबिया में प्रवासियों पर कड़ी कार्रवाई की गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मिस्र, सीरियाई, सूडानी और पाकिस्तानियों सहित कई हजार प्रवासियों को हिरासत में लिया गया। पश्चिमी लीबिया में पिछले कुछ हफ्तों में राजधानी त्रिपोली और अन्य शहरों में प्रवासी हब पर छापा मारा गया। यूनाइटेड नेशन रेफयूजी एजेंसी के मुताबिक, इस छापेमारी में 1800 प्रवासियों को हिरासत में लिया गया और सरकारी हिरासत केंद्रों में ले जाया गया है।

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *