वित्त विभाग के प्रमुख शासन सचिव श्री वैभव गालरिया ने 181 हेल्पलाइन का किया निरीक्षण, शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर सुनी समस्याएं

ram

जयपुर। वित्त विभाग के प्रमुख शासन सचिव श्री वैभव गालरिया ने गुरुवार को 181 हेल्पलाइन का निरीक्षण कर शिकायत निवारण व्यवस्था की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने चार शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद किया। इनमें डीडवाना-कुचामन के श्री आशाराम, भीलवाड़ा के श्री कुमार सिंह जी, जयपुर के श्री रमा किशन पुरोहित तथा जोधपुर के श्री भूपेंद्र सेन शामिल रहे। श्री गालरिया ने शिकायतकर्ताओं से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग एवं लैंडलाइन के जरिए बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली एवं प्रभावी निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।

सम्पर्क पोर्टल पर शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा
प्रमुख शासन सचिव, वित्त ने सम्पर्क पोर्टल के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की प्रोसेसिंग एवं उनके निस्तारण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से शिकायतों की वर्तमान स्थिति, लंबित प्रकरणों तथा विभागीय स्तर पर की जा रही कार्रवाई की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश
श्री गालरिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 181 हेल्पलाइन एवं सम्पर्क पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के समाधान में अनावश्यक विलंब नहीं हो तथा प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए शिकायतकर्ता को समयबद्ध राहत प्रदान की जाए।

सम्पर्क जीपीटी की कार्यप्रणाली का किया अवलोकन
प्रमुख शासन सचिव, वित्त ने इस दौरान एआई आधारित ‘सम्पर्क जीपीटी’ की कार्यप्रणाली का भी अवलोकन किया। उपस्थित अधिकारियों ने बताया कि सम्पर्क जीपीटी के माध्यम से बड़ी संख्या में प्राप्त जन शिकायतों का एआई तकनीक के जरिए विश्लेषण, फ़िल्टरिंग एवं स्वतः वर्गीकरण किया जाता है। श्री गालरिया ने सम्पर्क जीपीटी के माध्यम से शिकायतों के विभिन्न स्तरों पर होने वाली प्रोसेसिंग एवं संबंधित श्रेणी में उनके वर्गीकरण की प्रक्रिया को देखा तथा इसकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *