जीत और हार दोनों के बाद समान रूप से समीक्षा करती है भाजपा : गजेन्द्र सिंह शेखावत

ram

जयपुर। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि डबल इंजन सरकार होने के बावजूद पंचायतीराज चुनावों में अपेक्षित परिणाम नहीं मिलना भारतीय जनता पार्टी के लिए आत्मावलोकन का अवसर है। पार्टी इस बात की समीक्षा करेगी कि सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों का लाभ जनता तक पहुंचाने तथा सरकार के कामकाज को प्रभावी ढंग से लोगों के सामने रखने में कहां कमी रह गई। समीक्षा के बाद जरूरी सुधार भी किए जाएंगे।

रविवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए शेखावत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ऐसी पार्टी है, जो जीत और हार दोनों परिस्थितियों में समान रूप से पूरे सम्मान और ऊर्जा के साथ चुनाव परिणामों की समीक्षा करती है। यह समीक्षा जमीनी स्तर, जिला स्तर और निर्वाचन क्षेत्र के स्तर पर की जाएगी। इसके बाद जयपुर में भी इस पर मंथन होगा।

उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता और नेता चुनावी परिणामों से निराश होने वाले नहीं हैं। पार्टी ने दो सीटों से अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू कर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने तक का सफर तय किया है। ऐसे में किसी एक चुनाव का परिणाम पार्टी के आत्मविश्वास और संकल्प को प्रभावित नहीं कर सकता।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार के कामकाज, योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रदर्शन को जनता तक पहुंचाने में जहां भी कमी रह गई है, उस पर गंभीरता से विचार किया जाएगा। पार्टी यह आकलन करेगी कि सरकार के काम और योजनाओं का संदेश आमजन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में कहां चूक हुई है।

वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव को लेकर शेखावत ने विश्वास जताया कि भारतीय जनता पार्टी फिर से सत्ता में वापसी करेगी।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की चौथी बार मुख्यमंत्री पद की दावेदारी से जुड़े सवाल पर शेखावत ने कहा कि यह उनकी पार्टी का विषय है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2028 में भाजपा राजस्थान में फिर सरकार बनाएगी। वर्ष 2034 के लिए यदि गहलोत को उनकी पार्टी ने कोई संकेत दिया है तो इस पर निर्णय उन्हें ही करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *