जयपुर। राजस्थान में करीब तीन दिन की देरी के बाद शनिवार को मानसून पूरी तरह विदा हो गया। इस बार मानसून के दौरान प्रदेश में सामान्य से कम बारिश हुई। मानसून की विदाई के साथ ही प्रदेश में गर्मी ने एक बार फिर अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। शनिवार को पिलानी में दिन का तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे अक्टूबर की शुरुआत में ही गर्मी के तेवर तीखे नजर आए।
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेशभर में मौसम साफ रहा। सुबह से ही अधिकांश इलाकों में तेज धूप निकली और दिन चढ़ने के साथ गर्मी बढ़ती गई। राजधानी जयपुर में भी शनिवार को गर्मी का असर अधिक रहा। तेज धूप के कारण दिन में लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा। जयपुर का अधिकतम तापमान 1.2 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रहा। रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी के चलते रात में भी पहले की अपेक्षा ठंडक कम महसूस हुई।
मौसम विभाग के अनुसार मानसून की विदाई के बाद अब अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में आसमान साफ रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकांश इलाकों में तेज धूप रहने से दिन के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि फिलहाल तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के पूर्वानुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में प्रदेश के अधिकांश शहरों में दिन का तापमान 30 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि रात का न्यूनतम तापमान 18 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मानसून की विदाई के साथ ही अब प्रदेश में बारिश का दौर थमने और मौसम के धीरे-धीरे शुष्क एवं गर्म होने का सिलसिला शुरू हो गया है।



