मुंबई। अभिनेत्री अंकिता लोखंडे हाल ही में पति विक्की जैन के साथ नेहा धूपिया और उनके पति-अभिनेता अंगद बेदी के पॉडकास्ट ‘डबल डेटिंग’ में नजर आए थे। इस दौरान विक्की जैन ने पत्नी अंकिता लोखंडे से मुलाकात को जिंदगी का जैकपॉट बताया है। विक्की जैन ने बताया कि अंकिता के अंदर सबसे बड़ी खूबी यह है कि वह एक ‘फैमिली गर्ल’ हैं, जो बड़े परिवार को अकेले संभाल सकती हैं और उनकी इसी खूबी ने उन्हें अपनी ओर आकर्षित किया। उन्होंने आगे कहा कि अंकिता के साथ रहने से उन्हें अपनी जिंदगी के ‘दूसरे चैप्टर’ में आने का मौका मिला। विक्की ने कहा कि उनका पहला चैप्टर ज्यादातर काम के इर्द-गिर्द ही घूमता था, लेकिन अंकिता के साथ रिश्ते ने उन्हें जिंदगी का एक और पहलू दिखाया।
उन्होंने कहा, “मुझे अंकिता के साथ अपनी जिंदगी का दूसरा चैप्टर जीने का मौका मिला। पहला चैप्टर ये था कि मैं एक बिजनेसमैन था। मैं बिलासपुर जैसे शहर में रहता था और सिर्फ काम पर फोकस करता था। जब मैं पहली बार अंकिता से मिला था, तब वे करीब 34-35 साल की थीं।”
उन्होंने कहा कि वह दोनों हमेशा से एक ही सोशल सर्कल का हिस्सा थे और रिश्ता बनने से पहले एक-दूसरे को दोस्त के तौर पर जानते थे। उन्होंने यह भी बताया कि बिलासपुर उनकी ‘कर्मभूमि’ थी, जबकि मुंबई वह जगह थी, जहां वे दोस्तों से मिलने और अपनी सोशल लाइफ एंजॉय करने आते थे।
उन्होंने कहा, “बिलासपुर में मेरा काम चलता है और मुंबई में मैं दोस्तों के साथ मजे करने आता था, क्योंकि टेलीविजन इंडस्ट्री में मेरे बहुत सारे दोस्त हैं, तो अंकिता और मैं हमेशा दोस्त थे।”
बता दें, विक्की और अंकिता ने अपने रिश्ते को एक कदम आगे बढ़ाते हुए दिसंबर 2021 में शादी कर ली थी। शादी के बाद दोनों कई रियलिटी शो (जैसे बिग बॉस-16 और लाफ्टर शेफ्स) में साथ नजर आए और सोशल मीडिया पर अक्सर अपनी केमिस्ट्री को लेकर चर्चा में रहते हैं।

अंकिता से शादी को विक्की जैन ने बताया ‘जैकपॉट’, कहा- वे अकेले संभाल सकती हैं बड़ा परिवार
ram


