जयपुर। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कहा कि राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद (राजीविका) ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। राज्य सरकार द्वारा राजीविका से जुड़ी महिलाओं को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार राजीविका के उत्पादों को सरकारी खरीद प्रक्रिया में शामिल किया जाए, ताकि स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की बिक्री में अधिकतम वृद्धि हो पाए। श्रीनिवास सोमवार को शासन सचिवालय में राजकीय विभागों की खरीद प्रक्रिया में राजीविका के उत्पादों को प्राथमिकता देने के संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने निर्देश दिए कि बाजार की मांग के अनुरूप राजीविका के उत्पादों की उचित मैपिंग की जाए। साथ ही इन उत्पादों की बिक्री एवं बाजार विस्तार के लिए मार्केट रिसर्च, उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग, प्रबंधन, लॉजिस्टिक एवं तकनीकी सहयोग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के प्रयास भी किए जाए। मुख्य सचिव ने कहा कि राजीविका के उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार उपलब्ध कराने के लिए ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स के उपयोग करने का प्रशिक्षण दिया जाए। उन्होंने विभिन्न विभागों को उनके दैनिक कार्यों में उपयोग होने वाली वस्तुओं की खरीद में राजीविका के उत्पादों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खाद्य उत्पाद, सैनिटरी नेपकिन, कपड़े, थैले, उपहार सामग्री, फूल, कार्यालय स्टेशनरी सहित अन्य उपयोगी वस्तुओं को खरीदते समय स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों को प्राथमिकता दी जाएं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की इस पहल से राजीविका के उत्पादों को स्थायी बाजार उपलब्ध कराने के साथ-साथ राजकीय विभागों में भी उचित अवसर प्राप्त होंगे। इससे ग्रामीण महिलाओं को अपने उत्पादों के लिए बेहतर बाजार मिलेगा और स्वयं सहायता समूहों की आर्थिक गतिविधियों को और गति मिलेगी। बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव कौशल एवं उद्यमिता विभाग संदीप वर्मा, अतिरिक्त मुख्य सचिव उच्च एवं तकनीकी शिक्षा कुलदीप रांका, अतिरिक्त मुख्य सचिव जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग कुंजी लाल मीणा, अतिरिक्त मुख्य सचिव सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग दिनेश कुमार, अतिरिक्त मुख्य सचिव स्कूल शिक्षा विभाग राजेश कुमार यादव सहित सबंधी विभागों के प्रमुख सचिव, शासन सचिव एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

राजकीय विभागों की खरीद प्रक्रिया में अधिकतम राजीविका उत्पादों को किया जाए शामिल – मुख्य सचिव
ram


