‘आज भी हर भारतीय को गर्व से भर देता है मंगल पांडे का साहसिक जीवन’, जयंती पर प्रधानमंत्री मोदी ने किया नमन

ram

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा स्पीकर ओम बिरला समेत कई प्रमुख नेताओं ने महान क्रांतिकारी मंगल पांडे की जयंती पर उन्हें नमन किया है। पीएम मोदी ने कहा कि मंगल पांडे का साहसिक जीवन आज भी हर भारतीय को गर्व से भर देता है।

प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “महान क्रांतिकारी मंगल पांडे को उनकी जयंती पर शत-शत नमन। मातृभूमि के स्वाभिमान और सम्मान की रक्षा के लिए उन्होंने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनका साहसिक जीवन आज भी हर भारतीय को गर्व से भर देता है। राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत उनकी शौर्यगाथा देश की हर पीढ़ी को प्रेरित करती रहेगी।”

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, “1857 के प्रथम स्वाधीनता संग्राम के अमर सेनानी, अदम्य साहस और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक वीर मंगल पांडे की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन।”

उन्होंने लिखा, “29 मार्च 1857 को बैरकपुर छावनी में उनका साहस और देशप्रेम भारतीय इतिहास का वह निर्णायक क्षण बना, जिसने विदेशी शासन की नींव को चुनौती दी और स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा प्रदान की। उनका बलिदान आने वाले दशकों तक अनगिनत क्रांतिकारियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहा। वीर मंगल पांडे जी का जीवन आज भी करोड़ों भारतवासियों को देशभक्ति की प्रेरणा देता है।”

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ‘एक्स’ पर लिखा, “1857 के स्वाधीनता संग्राम के नायक व अद्वितीय साहस और राष्ट्रभक्ति के अमर प्रतीक मंगल पांडे की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि और कोटि-कोटि नमन।”

उन्होंने पोस्ट किया, “मंगल पांडे ने विदेशी शासन के विरुद्ध जिस निर्भीकता से क्रांति का शंखनाद किया, उसने पूरे भारत में देशभक्ति की भावना को प्रज्वलित किया और असंख्य देशवासियों को मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए संघर्ष के लिए प्रेरित किया। उनका त्याग, पराक्रम और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण सदैव हमें राष्ट्रसेवा और राष्ट्रनिर्माण के पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहेगा।”

केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने पोस्ट किया, “क्रांतिवीर मंगल पांडे ने 1857 की क्रांति का बिगुल फूंककर स्वसंस्कृति, स्वाभिमान और राष्ट्रहित के लिए संघर्ष की जनचेतना जागृत की। अंग्रेजी दमन और अन्याय से मां भारती को मुक्त कराने के लिए उन्होंने अपने प्राणों तक की आहुति दे दी। उनके बलिदान से प्रज्वलित हुई क्रांति की चिंगारी आगे चलकर स्वतंत्रता की महाज्वाला में परिवर्तित हुई। ऐसे अद्वितीय बलिदानी और अमर क्रांतिवीर मंगल पांडे की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन।”

वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने लिखा, “ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ 1857 में क्रांति का बिगुल फूंकने वाले महान स्वाधीनता सेनानी मंगल पांडे की जयंती पर उन्हें शत-शत नमन करता हूं। मां भारती के महान सपूत मंगल पांडे जी के अदम्य साहस और अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष ने हमारे स्वतंत्रता संग्राम की नींव रखी तथा पूरे देश में स्वाधीनता की लौ प्रज्वलित की। उनका अदम्य साहस और मातृभूमि के लिए दिया गया बलिदान सदैव हम सभी के लिए प्रेरणा स्रोत बना रहेगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *