वन राज्य मंत्री संजय शर्मा से की वाल्मीकि समाज के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात, सफाई कर्मचारी भर्ती पर हुई चर्चा

ram

जयपुर। राजस्थान सरकार के वन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा से रविवार को अलवर स्थित सर्किट हाउस में वाल्मीकि समाज के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट कर नगर निगम में लंबित सफाई कर्मचारी भर्ती प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण कराने की मांग रखी। प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री शर्मा को अवगत कराया कि लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया लंबित होने के कारण अनेक अभ्यर्थी रोजगार से वंचित हैं। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया को शीघ्र पूरा कर योग्य अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रदान करने का आग्रह किया। वन राज्य मंत्री संजय शर्मा ने प्रतिनिधिमंडल की बात गंभीरता से सुनते हुए कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है तथा नगर निगम में लंबित सफाई कर्मचारी भर्ती का यथाशीघ्र निस्तारण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में नगर निगम अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जा चुके हैं ताकि भर्ती प्रक्रिया में आ रही बाधाओं को दूर कर इसे शीघ्र पूर्ण किया जा सके। शर्मा ने कहा कि इस विषय को लेकर केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा अलवर सांसद भूपेंद्र यादव भी गंभीर हैं और वे स्वयं इस मामले की निरंतर मॉनिटरिंग कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर भर्ती प्रक्रिया का शीघ्र समाधान निकाला जाएगा, जिससे पात्र अभ्यर्थियों को जल्द लाभ मिल सके। प्रतिनिधिमंडल ने उनकी मांगों पर सकारात्मक आश्वासन देने के लिए वन राज्य मंत्री संजय शर्मा का आभार व्यक्त किया तथा शीघ्र भर्ती प्रक्रिया पूर्ण होने की उम्मीद जताई। इसके उपरान्त वन राज्यमंत्री शर्मा ने गुरुनानक वाटिका में अपने प्रतिदिन पौधारोपण करने के संकल्प के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा राजस्थान को हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से हरियालो राजस्थान अभियान संचालित किया गया है। इसमें प्रत्येक व्यक्ति अपनी सहभागिता निभाते हुए पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपना नैतिक दायित्व निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *