मिलान। क्रोएशिया के दिग्गज फुटबॉलर लुका मोड्रिक ने अपने शानदार खेल करियर को एक और साल आगे बढ़ाने का फैसला किया है। उन्होंने इटली के क्लब एसी मिलान के साथ अपना कॉन्ट्रैक्ट बढ़ा लिया है। क्लब ने इसकी आधिकारिक जानकारी दी है। मोड्रिक अब 30 जून 2027 तक एसी मिलान के साथ जुड़े रहेंगे। सितंबर में 41 साल के होने जा रहे मोड्रिक ने पिछले साल रियल मैड्रिड के साथ 13 साल का सफल सफर खत्म करने के बाद मिलान का दामन थामा था। एसी मिलान के साथ उनका पिछला करार 30 जून को समाप्त हो गया था। अपने पहले सीजन में मोड्रिक ने एसी मिलान के लिए 37 मुकाबले खेले और दो गोल किए। हालांकि, टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। मिलान सेरी ए में पांचवें स्थान पर रहा और कोपा इटालिया में टीम अंतिम-16 दौर तक ही पहुंच सकी। मोड्रिक ने पहले कहा था कि वह फीफा वर्ल्ड कप 2026 के बाद अपने भविष्य को लेकर फैसला करेंगे। हालांकि, अब उन्होंने क्लब फुटबॉल में अपना सफर जारी रखने का फैसला किया है।
क्रोएशिया की टीम वर्ल्ड कप में पुर्तगाल से हारकर राउंड ऑफ-32 से बाहर हो गई थी। एसी मिलान ने अपने बयान में कहा कि मोड्रिक ने एक और सीजन के लिए क्लब के साथ नया करार किया है। क्लब ने उनकी तारीफ करते हुए कहा कि मिडफील्ड में आने के बाद से मोड्रिक ने अपने अनुभव, मेहनत और खेल कौशल से टीम को मजबूती दी है। वह नए सीजन में भी टीम के लिए अहम भूमिका निभाएंगे।
2018 में बैलन डी’ओर जीतने वाले मोड्रिक अगले सीजन में भी एसी मिलान की नंबर-14 जर्सी पहनेंगे। मोड्रिक ने 2012 में इंग्लैंड के क्लब टोटेनहम हॉटस्पर से रियल मैड्रिड का रुख किया था। शुरुआती मुश्किलों से उबरते हुए, उन्होंने रियल मैड्रिड के इतिहास में अपना नाम दर्ज कराया। रियल मैड्रिड के लिए, उन्होंने करीब 600 मैच खेले और लगभग 30 बड़े खिताब जीते। इनमें छह यूईएफए चैंपियंस लीग ट्रॉफी और चार ला लीगा खिताब शामिल हैं। 2018 में मोड्रिक ने लियोनेल मेसी और क्रिस्टियानो रोनाल्डो के लंबे दबदबे को खत्म करते हुए बैलन डी’ओर पुरस्कार जीता था। उनकी शानदार पासिंग, गेंद पर नियंत्रण और खेल को समझने की क्षमता ने उन्हें दुनिया के सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों में शामिल किया।

लुका मोड्रिक ने एक साल के लिए बढ़ाया एसी मिलान संग अपना करार
ram


