हंगामे के कारण लोक सभा की कार्यवाही स्थगित

ram

नई दिल्ली। लोक सभा में मंगलवार को विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण कार्यवाही अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गयी। पूर्वाह्न 11 बजे प्रश्न काल शुरू होते ही कांग्रेस के सदस्य 20 जुलाई को प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियाें के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की जवाबदेही तय करने और गृह मंत्री अमित शाह के सदन में आकर जवाब देने और समाजवादी पार्टी के सदस्य अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की जांच की मांग करते हुए हंगामा करने लगे। कई सदस्य सदन के बीचोंबीच आकर शोरगुल कर रहे थे। द्रमुक के सदस्य कर्नाटक में मेकेदातू बांध परियोजना को लेकर हंगामा कर रहे थे। अध्यक्ष ओम बिरला ने सदस्याें से अपने-अपने स्थानों पर जाकर कार्यवाही चलने देने में सहयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि वे सभी सदस्यों को उनकी बात कहने का अवसर देंगे। प्रश्न काल चलने देने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि प्रश्न काल में सदस्य सरकार से नीतियों और कार्यक्रमों को लेकर प्रश्न करते हुए संबंधित समस्याओं के समाधान की मांग करते हैं। बिरला ने कहा कि उन्होंने कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में सभी दलों के नेताओं से कहा था कि लोक सभा संवाद का मंच है, यह चर्चा और और संवाद के लिए है। देश के 140 करोड़ लोगों की अपेक्षाओं और आकांक्षाओं की यहां चर्चा होती है। लोक सभा नारेबाजी करने और यहां तख्तियां लेकर आने का मंच नहीं है। उन्होंने कहा कि सदन में चर्चा और संवाद करें, सहमति और असहमति हो सकती है, जिनका चर्चा के माध्यम से समाधान निकालने का प्रयास करें। देश की जनता के कल्याण की बात करें। उन्होंने कहा कि इस तरह हंगामा और शोरगुल करने से सदन की कार्यवाही नहीं चलेगी। वह पुन: निवेदन करते हैं कि सदन की कार्यवाही चलाने में सहयोग करें। वह सभी सदस्यों को पर्याप्त अवसर देंगे। बिरला के आग्रह का हंगामा कर रहे सदस्यों पर कोई असर नहीं हुआ और वे शोरगुल करते रहे। इस पर उन्होंने कार्यवाही अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी। गौरतलब है कि 20 जुलाई को विद्यार्थियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के विरोध और अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की जांच की मांग को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के सदस्य पिछले कई दिनों से शोरगुल और हंगामा कर रहे हैं जिससे प्रश्न काल नहीं हो पा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *