चूरू। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार प्रदेश में 17 अगस्त, 2026 तक हर घर तिरंगा अभियान आयोजित किया जा रहा है। रविवार को जिले में हर घर तिरंगा अभियान का शुभारंभ हुआ और जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा के निर्देशन में जिलेभर के विद्यालयों, पंचायत स्तर एवं शहरी निकायों में तिरंगा प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। प्रभात फेरी में विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ निकली प्रभात फेरियों से वातावरण राष्ट्रप्रेम की भावना से ओत-प्रोत नजर आया।
जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे हर घर तिरंगा अभियान में उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाएं तथा अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करें।
17 अगस्त तक आयोजित होंगी विभिन्न गतिविधियां
हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिले में विभिन्न विभागों के समन्वय से देशभक्ति एवं राष्ट्र गौरव से जुड़ी विविध गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्वेता कोचर ने बताया कि हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत जिले में जिला, ब्लॉक एवं पंचायत व निकाय स्तर तक 13 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति प्रदर्शनी व 14 अगस्त को हर घर तिरंगा कार्यक्रम के साथ विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जाएगा। इसके साथ ही 17 अगस्त तक जिले के सभी शहरी निकायों, पंचायत समितियों एवं ग्राम पंचायत स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 का हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष को समर्पित है। अभियान के तहत सामूहिक राष्ट्रगान, सेल्फी अभियान, तिरंगा प्रभात फेरी, तिरंगा रैली सहित विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 10 अगस्त को पंचायत समिति स्तर पर तिरंगा रैली, 11 एवं 12 अगस्त को प्रत्येक निकाय एवं ग्राम पंचायत स्तर पर तिरंगा प्रदर्शनी एवं मेले आयोजित किए जाएंगे। वहीं 13 से 17 अगस्त तक शहरी निकायों एवं पंचायतीराज संस्थाओं के कार्यालयों, भवनों एवं स्मारकों पर विशेष सजावट की जाएगी। इसी अवधि में प्रत्येक निकाय एवं पंचायत स्तर पर तिरंगा कैनवास एवं हर घर तिरंगा कार्यक्रम आयोजित होंगे। तिरंगा कैनवास पर आमजन अपने हस्ताक्षर करने के साथ देशप्रेम एवं राष्ट्रभक्ति से जुड़ी अपनी भावनाएं भी अभिव्यक्त कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि 13 से 15 अगस्त तक सभी राजकीय एवं निजी कार्यालयों तथा भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने, 14 अगस्त को सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सभी निजी भवनों, कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने हेतु आमजन को प्रोत्साहित किया जा रहा है।



