श्रीगंगानगर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। राज्य सरकार के निर्देशानुसार 9 अगस्त से आरम्भ होकर 17 अगस्त 2026 तक चलने वाले इस अभियान में विभिन्न विभागों की सहभागिता एवं समन्वय से आमजन को अभियान से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। जिला कलक्टर डॉ. अमित यादव के अनुसार 10 अगस्त 2026 को प्रातः 8 बजे से राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के साथ जनसमुदाय, विद्यार्थियों एवं सभी वर्गों की सहभागिता से तिरंगा रैली/यात्रा का आयोजन किया जाएगा। श्रीगंगानगर शहर में तिरंगा यात्रा प्रातः 8 बजे सुखाड़िया सर्किल से प्रारंभ होकर शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए महाराजा गंगासिंह चौक तक पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए नगर परिषद श्रीगंगानगर के आयुक्त को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों की समस्त ग्राम पंचायतों में तिरंगा यात्रा के आयोजन हेतु जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी को जिला स्तरीय नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जिला प्रशासन ने जिलेवासियों, विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं सभी वर्गों से तिरंगा रैली में अधिकाधिक संख्या में शामिल होकर “हर घर तिरंगा” अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया है। इसके साथ ही 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का आयोजन भी किया जाएगा।
हर घर तिरंगा अभियान के तहत 10 अगस्त को श्रीगंगानगर में निकलेगी तिरंगा रैली
ram


