राजस्थान में जून की शुरुआत आंधी-बारिश से, 19 जिलों में अलर्ट

ram

जयपुर। राजस्थान में जून महीने की शुरुआत आंधी और बारिश के साथ हुई है। मौसम विभाग ने 2 जून को प्रदेश के 19 जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार मौसम में यह बदलाव 5 जून तक बना रहेगा। लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के कारण प्रदेश के तापमान में गिरावट आ गई है और कई शहरों में पारा सामान्य से करीब 5 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया है।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार सोमवार को कोटा, उदयपुर, जैसलमेर, बाड़मेर, अजमेर, चित्तौड़गढ़, नागौर, जोधपुर, पाली, टोंक, अलवर, सवाई माधोपुर और जयपुर सहित कई जिलों में तेज बारिश हुई। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हुई। प्रदेश में सोमवार को सबसे अधिक तापमान फलोदी में 43.8 डिग्री सेल्सियस मापा गया।

जैसलमेर जिले के सम सैंड ड्यून्स स्थित जुमा हेरिटेज रिसोर्ट में सोमवार रात तेज आंधी के दौरान बड़ा हादसा हो गया। लोक कलाकारों के ड्रेसिंग रूम की दीवार गिरने से बेरसियाला गांव निवासी 25 वर्षीय लोक कलाकार स्वरूप खान की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दो युवतियों सहित तीन अन्य कलाकार घायल हो गए।

बाड़मेर जिले के रामसर उपखंड के पाबूसरिया गांव में तेज आंधी के दौरान टीनशेड का कमरा ढह गया। हादसे में पिता-पुत्र मलबे में दब गए। वहीं, दूसरे घर में आंधी से बचने के लिए बाहर निकल रही एक महिला के सिर पर लोहे की एंगल गिर गई। तीनों घायलों को ग्रामीणों और परिजनों ने मलबा हटाकर बाहर निकाला।

सोमवार दोपहर बाद प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश का दौर चला। चित्तौड़गढ़ में सबसे अधिक 20 एमएम बारिश हुई। इसके अलावा टोंक के निवाई में 11 एमएम, अजमेर में 12.6 एमएम और नागौर में 13 एमएम बारिश मापी गई। फलोदी और नागौर में बारिश के साथ ओले भी गिरे।

उदयपुर के गोगुंदा क्षेत्र में तेज बारिश के कारण कई दुकानों में पानी भर गया। वहीं, कोटा में बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।

प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। पिछले कई दिनों से चल रही लू और तेज गर्मी के बीच बारिश और ठंडी हवाओं ने मौसम को सुहावना बना दिया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में मेघगर्जन, तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *