गृह विभाग की संयुक्त शासन सचिव ने किया राजस्थान संपर्क पोर्टल 181 का निरीक्षण, प्रारंभिक स्तर पर ही शिकायतों का हो निस्तारण

ram

जयपुर। आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध समाधान के लिए राज्य सरकार पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इसी क्रम में गृह विभाग के संयुक्त शासन सचिव अंजलि राजोरिया ने मंगलवार को राजस्थान संपर्क पोर्टल (181) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आमजन की शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा संतुष्टि स्तर में वृद्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। संयुक्त शासन सचिव ने निरीक्षण के दौरान सभी स्तर के अधिकारियों को सजगतापूर्वक कार्य करने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने विशेष रूप से लेवल-1 के अधिकारियों को पाबंद करते हुए कहा कि शिकायतों को उच्च स्तर पर प्रेषित करने के बजाय प्रारंभिक स्तर पर ही उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि इससे न केवल समय की बचत होगी, अपितु आमजन को निर्धारित समय-सीमा के भीतर समुचित राहत भी मिल सकेगी।
विशिष्ट प्रकरणों में मौके पर ही दिए समाधान के निर्देश
निरीक्षण के दौरान राजोरिया ने पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों की व्यक्तिगत रूप से समीक्षा करते हुए महत्वपूर्ण मामलों में तत्काल संज्ञान लिया और मौके पर ही कार्रवाई सुनिश्चित करवाई। उन्होंने निर्देशित किया कि आमजन से जुड़े इस संवेदनशील कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए। निरीक्षण के समापन पर गृह संयुक्त शासन सचिव ने कहा कि राजस्थान संपर्क पोर्टल राज्य सरकार का एक अत्यंत महत्वपूर्ण माध्यम है और आमजन को समय पर न्याय एवं राहत उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार आमजन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए सभी विभागों के सचिव निर्धारित तिथियों पर राजस्थान संपर्क हेल्पलाइन (181) कंट्रोल रूम में उपस्थित होकर परिवादियों से सीधे संवाद कर रहे हैं। इस पहल के माध्यम से नागरिक घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज कर शीघ्र समाधान प्राप्त कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *