अंतरराष्ट्रीय किशोर (युवा) दिवस का आयोजन कल से

ram

जयपुर। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा अंतरराष्ट्रीय किशोर (युवा) दिवस के अवसर पर 11 अगस्त से 13 अगस्त 2026 तक जिले में विशेष किशोर स्वास्थ्य जागरूकता अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान के दौरान विद्यालयों, उजाला केंद्रों एवं विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों पर किशोर-किशोरियों के शारीरिक, मानसिक एवं प्रजनन स्वास्थ्य से संबंधित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर प्रथम डॉ. रवि शेखावत एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जयपुर द्वितीय डॉ. मनीष मित्तल ने बताया कि अभियान का उद्देश्य किशोर-किशोरियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, एनीमिया की रोकथाम, पोषण, मासिक धर्म स्वच्छता, मानसिक स्वास्थ्य तथा नशा मुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी उपलब्ध कराना है।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान विद्यालयों में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें हीमोग्लोबिन, बीएमआई, दृष्टि एवं दंत स्वास्थ्य की जांच की जाएगी। आवश्यकता अनुसार किशोर-किशोरियों को उच्च चिकित्सा संस्थानों के लिए रेफर भी किया जाएगा। साथ ही आयरन-फोलिक एसिड (आईएफए) की गोलियों का वितरण, कृमिनाशक दवा सेवन, मासिक धर्म स्वच्छता पर परामर्श तथा पोषण संबंधी जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित होंगी।

डॉ. शेखावत एवं डॉ. मित्तल ने बताया कि 12 अगस्त को अंतरराष्ट्रीय किशोर (युवा) दिवस के अवसर पर उजाला केंद्रों पर विशेष परामर्श शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां किशोर-किशोरियों को मानसिक स्वास्थ्य, जीवन कौशल, लैंगिक एवं प्रजनन स्वास्थ्य तथा नशा मुक्ति जैसे विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा। 13 अगस्त को विभिन्न विभागों के समन्वय से किशोर स्वास्थ्य दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान स्वास्थ्य शिक्षा, पोस्टर प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी, रोल प्ले, समूह चर्चा एवं जागरूकता रैलियों सहित विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *